सेवा सेतु से ग्रामीण परिवारों को मिल रही शासकीय सेवाओं की सहज सुविधा

WhatsApp Channel Join Now
सेवा सेतु से ग्रामीण परिवारों को मिल रही शासकीय सेवाओं की सहज सुविधा


अब बच्चों के दस्तावेज बनवाने के लिए बार-बार नहीं जाना पड़ता शासकीय कार्यालय” : मनी राम

कोरबा, 17 अक्टूबर(हि. स.)। बच्चों की पढ़ाई और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आय प्रमाण पत्र बनवाने में पहले अभिभावकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। आने-जाने में समय और धन खर्च होने के साथ ही जरूरी कामों के लिए अतिरिक्त प्रयास करने पड़ते थे। सेवा सेतु के माध्यम से अब आवश्यक शासकीय सेवाओं तक पहुंच आसान हो रही है, जिससे नागरिकों को अपने ही क्षेत्र में आवेदन की सुविधा मिल रही है।

पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम कोरबी निवासी मनी राम को अपनी पुत्री सती कुमारी और पुत्र सत्य नारायण के आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए इस सुविधा का लाभ मिला। उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों के साथ ग्राम सुतर्रा स्थित अशोक ऑनलाइन सेंटर के माध्यम से आवेदन किया। आवेदन के कुछ ही दिनों के अंदर दोनों बच्चों के आय प्रमाण पत्र जारी हो गए। इससे उन्हें अनावश्यक भागदौड़ और कार्यालयों में बार-बार जाने की परेशानी से राहत मिली।

अपना अनुभव साझा करते हुए मनी राम बताते हैं, पहले बच्चों के जरूरी दस्तावेज बनवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। आने-जाने में समय लगता था और पैसे भी खर्च होते थे। इस बार मैंने सुतर्रा के अशोक ऑनलाइन सेंटर से आवेदन किया और केवल तीन दिन में दोनों बच्चों के आय प्रमाण पत्र बन गए। मुझे कहीं बार-बार जाने की जरूरत नहीं पड़ी। इससे समय और पैसे की बचत हुई और मेरा काम भी आसानी से हो गया।

मनी राम का कहना है कि सेवा सेतु जैसी सुविधा से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए शासकीय सेवाओं का लाभ लेना सरल हुआ है। अब आवश्यक दस्तावेजों के लिए आवेदन करने में कम परेशानी होती है और परिवार के दूसरे जरूरी कामों के लिए भी समय मिल पाता है।

इस सुविधा के लिए मनी राम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं, सरकार की इस पहल से हम जैसे ग्रामीण परिवारों को काफी सुविधा मिल रही है। मेरे दोनों बच्चों के आय प्रमाण पत्र तीन दिन में जारी हो गए, जिससे मुझे बहुत राहत मिली। पहले जिन कामों के लिए बार-बार जाना पड़ता था, वे अब आसानी से हो रहे हैं। आम लोगों का समय और धन बचाने वाली इस व्यवस्था के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री साय को धन्यवाद देता हूं।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762680 Articles

Share this story