हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों को सेवा सेतु पोर्टल से मिलेगा स्थानांतरण प्रमाण पत्र

WhatsApp Channel Join Now

रायगढ़ , 20 नवंबर (हि.स.)। रायगढ़ जिले के शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को अब स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन सुविधा मिलेगी। इसके लिए आज जिला कार्यालय स्थित सृजन सभाकक्ष में सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से स्थानांतरण प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को लेकर प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें जिले के 230 शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्य शामिल हुए।

प्रशिक्षण के दौरान प्राचार्यों को सेवा सेतु पोर्टल पर स्थानांतरण प्रमाण पत्र के लिए आवेदन की एंट्री, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने तथा प्राप्त आवेदनों के परीक्षण एवं निराकरण की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। साथ ही पोर्टल के माध्यम से आवेदनों का ऑनलाइन सत्यापन और अनुमोदन करने की प्रक्रिया का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण में बताया गया कि अब जिले के समस्त शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के विद्यार्थियों को स्थानांतरण प्रमाण पत्र सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ही जारी किया जाएगा। इसके लिए आवेदन से लेकर प्रमाण पत्र जारी करने तक की प्रक्रिया ऑनलाइन संपादित की जाएगी। आवेदनों का निराकरण लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत निर्धारित समय-सीमा में करना अनिवार्य होगा।

अधिकारियों को यह भी बताया गया कि आवेदन में किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसे निरस्त करने के बजाय स्पष्ट टिप्पणी के साथ सुधार के लिए वापस किया जाए, ताकि संबंधित आवेदक आवश्यक सुधार कर पुनः आवेदन प्रस्तुत कर सके। इस पहल से स्थानांतरण प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध होगी। साथ ही विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को प्रमाण पत्र प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी तथा विद्यालय स्तर पर आवेदन प्रक्रिया और उसके निराकरण की ऑनलाइन निगरानी भी सुनिश्चित हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780150 Articles

Share this story