सेवा सेतु पोर्टल से घर बैठे हुआ भूमि डायवर्सन, सुशीला को मिली राहत

WhatsApp Channel Join Now
सेवा सेतु पोर्टल से घर बैठे हुआ भूमि डायवर्सन, सुशीला को मिली राहत


सूरजपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। नगर पंचायत प्रतापपुर निवासी सुशीला सिन्हा को पोर्टल के जरिए भूमि डायवर्सन की सेवा मिली, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ी।

सुशीला सिन्हा ने अपनी भूमि के डायवर्सन के लिए सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया था। राजस्व विभाग ने आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए डायवर्सन की प्रक्रिया पूरी की। काम पूरा होने पर सुशीला ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऑनलाइन सेवा मिलने से उनका समय और धन दोनों बचा।

उन्होंने बताया कि पहले भूमि संबंधी कार्यों के लिए कई बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से अब नागरिकों को ऐसी परेशानियों से राहत मिल रही है और निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं प्राप्त हो रही हैं।

सुशीला सिन्हा ने भूमि डायवर्सन का कार्य सहजता से पूरा होने पर शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से शासकीय सेवाएं नागरिकों तक अधिक सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंच रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story