बलरामपुर : सेवा सेतु पोर्टल से संतोषी सिंह को मिला निवास प्रमाण पत्र, 441 से अधिक सरकारी सेवाएं एक मंच पर
बलरामपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश में सरकारी सेवाओं को आसान, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की दिशा में आज बुधवार को सेवा सेतु पोर्टल आम लोगों के लिए प्रभावी माध्यम बनकर सामने आया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर संचालित इस पोर्टल के जरिए अब 441 से अधिक शासकीय सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। इसी पोर्टल के माध्यम से बलरामपुर निवासी संतोषी सिंह को निवास प्रमाण पत्र मिला।
संतोषी सिंह ने निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। प्रारंभिक जांच में भूमि संबंधी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण आवेदन लंबित हो गया। इसके बाद संबंधित अधिकारियों ने उन्हें वैकल्पिक दस्तावेज प्रस्तुत करने की सलाह दी। उन्होंने 15 वर्ष के निवास संबंधी प्रमाण और जन्म संबंधी दस्तावेज जमा किए। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उनका निवास प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।
प्रमाण पत्र मिलने पर संतोषी सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। उनका कहना है कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से उनकी लंबे समय से लंबित समस्या का आसानी से समाधान हो गया।
प्रशासन के अनुसार, पहले ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर सीमित सेवाएं उपलब्ध थीं, लेकिन अब सेवा सेतु के रूप में इसे विस्तारित कर विभिन्न विभागों की 441 से अधिक सेवाओं को एकीकृत किया गया है। आवेदन से लेकर सेवा प्राप्ति तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जा रही है।
सेवा सेतु के प्रभावी संचालन के लिए पंचायत सचिवों, सेवा केंद्र संचालकों और संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को नियमित प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों तक डिजिटल सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित हो सके।
इस पोर्टल के माध्यम से आय, जाति, निवास, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, भू-अभिलेख, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, श्रम और राजस्व विभाग सहित कई अन्य सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। साथ ही व्हाट्सएप सुविधा के जरिए भी लोग घर बैठे आवेदन की स्थिति और विभिन्न सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

