बलरामपुर : सेवा सेतु पोर्टल से आसान हुई शासकीय सेवाओं की पहुंच

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : सेवा सेतु पोर्टल से आसान हुई शासकीय सेवाओं की पहुंच


-441 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन

बलरामपुर, 19 जून (हि.स.)। शासन की पारदर्शी और जनहितैषी कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने की दिशा में सेवा सेतु पोर्टल नागरिकों के लिए सुशासन का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। पोर्टल के जरिए अब 441 से अधिक शासकीय सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं, जिससे लोगों को विभिन्न प्रमाण पत्रों और आवश्यक सेवाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है।

सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आय, जाति, निवास, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, नाम परिवर्तन संबंधी राजपत्र अधिसूचना समेत अनेक महत्वपूर्ण सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। इससे नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही है और समय व संसाधनों की भी बचत हो रही है।

डिजिटल सेवाओं के विस्तार को पंचायत स्तर तक पहुंचाते हुए शासन ने विवाह प्रमाण पत्र, भवन अनुज्ञा, स्ट्रीट लाइट परिवर्तन, साफ-सफाई व्यवस्था से संबंधित आवेदन सहित विभिन्न सेवाएं भी ऑनलाइन उपलब्ध कराई हैं। आवेदन की ऑनलाइन ट्रैकिंग सुविधा से प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही को भी बढ़ावा मिला है।

नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सेवा सेतु पोर्टल को व्हाट्सएप से भी जोड़ा गया है। इसके माध्यम से लोग घर बैठे विभिन्न सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाओं की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सेवा सेतु केंद्रों और पंचायत सचिवों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

प्रशासन ने जिलेवासियों से सेवा सेतु पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करने और डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि यह पहल नागरिकों को सरल, सुगम और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story