1 से 7 अक्टूबर तक जिलेभर में लगेंगे सेवा सेतु शिविर, 26 प्रमुख योजनाओं का मिलेगा लाभ

WhatsApp Channel Join Now

बलरामपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बलरामपुर जिले में 1 से 7 अक्टूबर तक सेवा सेतु अभियान चलाया जाएगा। आज गुरुवार को जिला प्रशासन ने शिविरों की समय-सारणी जारी की। इस दौरान जिले के सभी छह विकासखंडों के विभिन्न कलस्टरों में जनसमस्या निवारण एवं योजना शिविर लगाए जाएंगे, जहां केंद्र सरकार की 26 प्रमुख योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ लोगों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया जाएगा।

शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहेंगे। नागरिक योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन करने के साथ अपनी शिकायतें और समस्याएं भी दर्ज करा सकेंगे। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने शिविरों के सफल संचालन के लिए प्रत्येक विकासखंड में संबंधित एसडीएम को नोडल अधिकारी और जनपद पंचायत के सीईओ को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शंकरगढ़ विकासखंड में 1 अक्टूबर को रखतापारा दोहना, 3 अक्टूबर को पहाड़ी कोरवा आश्रम के पास बेलकोना, 5 अक्टूबर को लाल बगीचा चिरई और 6 अक्टूबर को सावंत सरना, डीपाडीहकलां में शिविर लगेगा।

राजपुर विकासखंड में 1 अक्टूबर को कोडिहा, 2 को गोपालपुर, 3 को अलखडीहा, 4 को नगर पंचायत राजपुर, 5 को परसागुड़ी, 6 को बरियों और 7 अक्टूबर को खोडरो में शिविर आयोजित होगा। वाड्रफनगर में 1 अक्टूबर को रघुनाथनगर, 5 को पंडरी, 6 को प्रेमनगर और 7 अक्टूबर को चलगली में शिविर लगेगा।

कुसमी विकासखंड में 1 अक्टूबर को बाजारपारा करौंधा, 3 को हाई स्कूल परिसर चांदो, 4 को हाई स्कूल मैदान सामरी, 5 को ग्राम पंचायत भवन मदगुरी और 6 अक्टूबर को ग्राम पंचायत भवन सबाग में शिविर आयोजित होगा।

बलरामपुर विकासखंड में 1 अक्टूबर को दलधोवा, केरता एवं कपिलदेवपुर, 2 को तातापानी, 3 को नगर पालिका परिषद बलरामपुर एवं सरनाडीह, 4 को सेमली एवं भेलवाडीह, 5 को भैंसामुंडा, महाराजगंज एवं राधाकृष्णनगर, 6 को रनहत एवं तारकाखंड तथा 7 अक्टूबर को डौरा, लिलौटी, पस्ता एवं कांडा में शिविर लगेंगे।

रामचंद्रपुर विकासखंड में 1 अक्टूबर को सनावल, 2 को आरागाही, 3 को डिंडो, 4 को महावीरगंज, 5 को रामचंद्रपुर, 6 को त्रिकुंडा और 7 अक्टूबर को रामानुजगंज के काका लरंग साय सामुदायिक भवन में शिविर आयोजित होगा।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिलेवासियों से अपने नजदीकी शिविर स्थल पर पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिविरों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story