सेमरा में सेवा सेतु शिविर, 19.43 करोड़ की आजीविका ऋण राशि प्रेषित

WhatsApp Channel Join Now
सेमरा में सेवा सेतु शिविर, 19.43 करोड़ की आजीविका ऋण राशि प्रेषित


जांजगीर-चांपा, 6 अक्टूबर (हि. स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत आज मंगलवार को नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत सेमरा स्थित हाई स्कूल परिसर में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। “सेवा सेतु अभियान, सरकार आपके द्वार” के तहत आयोजित शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर लाभ प्रदान किया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

आजीविका ऋण मेले में ग्रामीणों और स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। मेले में 908 प्रकरणों में 19.43 करोड़ रुपये की राशि प्रेषित की गई। इनमें 537 प्रकरणों में 13.41 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई, जबकि 281 प्रकरणों में 7.90 करोड़ रुपये का वितरण किया गया।

शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों को चाबी, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना, आयुष्मान कार्ड, वय वंदन योजना कार्ड, ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, नैनो यूरिया और रोजगार कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने अन्नप्राशन और गोद भराई कार्यक्रम भी आयोजित किया।

इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story