तोकापाल ‘सेवा सेतु’ शिविर में 165 प्रकरणों का हुआ समाधान, मिली योजनाओं की सौगात

WhatsApp Channel Join Now
तोकापाल ‘सेवा सेतु’ शिविर में 165 प्रकरणों का हुआ समाधान, मिली योजनाओं की सौगात


जगदलपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)।बस्तर जिले के तोकापाल बाजार स्थल में आज साेमवार काे ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे चैपाल तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सेवा सेतु’ शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में ग्रामीणों की व्यापक सहभागिता देखने को मिली, जहां विभिन्न जनसमस्याओं और मांगों से संबंधित कुल 165 आवेदन प्राप्त हुए। इन सभी प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर में आठ नवीन आयुष्मान कार्ड बनाए गए और नेत्र परीक्षण उपरांत संबंधित 18 व्यक्तियों को चश्मा प्रदान कर नियमित उपयोग करने की समझाईश दी गई।

इस शिविर में जनसमस्याओं के निवारण के साथ-साथ स्वास्थ्य और राजस्व सेवाओं का सीधा लाभ भी ग्रामीणों तक पहुंचाया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष ओपीडी संचालित कर कुल 68 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया गया, साथ ही बीपी, शुगर, नेत्र परीक्षण के उपरांत जरूरतमंदों को दवाइयां वितरित किया गया। इसके साथ ही 05 हितग्राहियों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किए गए। राजस्व एवं पहचान संबंधी दस्तावेजों के त्वरित प्रदाय के अंतर्गत खसरा-बीवन प्रदाय सहित नामांतरण, ऋण पुस्तिका द्वितीय प्रति प्रदाय किया गया। वहीं स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नन्हें बच्चों को अन्न प्राशन्न कराया गया।

इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रामबत्ती भण्डारी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष रितेश जोशी, जिला पंचायत सदस्य कामदेव बघेल एवं पदमिनी कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधि और एसडीएम सतेंद्र बंजारे, सीईओ जनपद पंचायत नीलू तिर्की तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762260 Articles

Share this story