सेवा संकल्प अभियान में जांजगीर-चांपा बना स्वच्छता का सहभागी, कलेक्टर समेत जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान

WhatsApp Channel Join Now
सेवा संकल्प अभियान में जांजगीर-चांपा बना स्वच्छता का सहभागी, कलेक्टर समेत जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान


सेवा संकल्प अभियान में जांजगीर-चांपा बना स्वच्छता का सहभागी, कलेक्टर समेत जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान


सेवा संकल्प अभियान में जांजगीर-चांपा बना स्वच्छता का सहभागी, कलेक्टर समेत जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान


सेवा संकल्प अभियान में जांजगीर-चांपा बना स्वच्छता का सहभागी, कलेक्टर समेत जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान


जांजगीर-चांपा, 1 अक्टूबर (हि. स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता ही सेवा अभियान में गुरुवार को जिलेभर में “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जिलास्तरीय कार्यक्रम ग्राम पंचायत खोखरा स्थित मनका दाई मंदिर परिसर में हुआ, जहां कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे और जनप्रतिनिधियों ने मनका दाई मंदिर परिसर तथा खोखरा बाजार क्षेत्र में साफ-सफाई अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों, सड़क किनारे और आसपास जमा कचरे को हटाया गया। सामूहिक श्रमदान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता को जनभागीदारी से जनआंदोलन बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी विशेष अभियान या एक दिन तक सीमित रहने वाला कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, गली, मोहल्ले और गांव की नियमित साफ-सफाई में योगदान दे, तभी स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण तैयार किया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे प्रतिदिन कुछ समय गांव की स्वच्छता के लिए निकालें और कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें।

कार्यक्रम में स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने वाली स्वच्छता दीदियों को सम्मानित भी किया गया। कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और घर-घर स्वच्छता का संदेश पहुंचाने में महिला समूहों तथा स्वच्छता कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

इस अवसर पर कलेक्टर ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने घर, गांव और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने तथा स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

जिले के सभी जनपद पंचायत क्षेत्रों में भी “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” अभियान के तहत सामूहिक श्रमदान किया गया। विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय ने मिलकर सार्वजनिक स्थलों, तालाबों, पहुंच मार्गों और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की। अमृत सरोवरों और उनके आसपास भी स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं। इस दौरान जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

स्वच्छता अभियान को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए अमृत सरोवरों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण को भी बढ़ावा दिया गया। प्रशासन का उद्देश्य स्वच्छता, जल संरक्षण और हरित क्षेत्र के विकास को एक साथ आगे बढ़ाते हुए ग्रामीणों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत सदस्य प्रियंका पुष्पेंद्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू, जनपद पंचायत नवागढ़ अध्यक्ष कांता मनमोहन कश्यप, पुष्पेंद्र सिंह, हितेश यादव, खोखरा सरपंच दुर्गा अजय राठौर, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पांडेय, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, नवागढ़ जनपद पंचायत सीईओ बी.आर. वर्मा सहित पंचगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और ग्रामीण उपस्थित रहे।

वहीं, अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने देव सेवा समिति निःशक्त एवं वृद्धाश्रम, खोखरा पहुंचकर वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने वृद्धजनों का हालचाल जाना और उनके साथ समय बिताते हुए स्वास्थ्य, भोजन, आवास, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्धजनों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी जरूरी है।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story