सेवा संकल्प अभियान: वाड्रफनगर सिविल अस्पताल में एक अक्टूबर को रक्तदान शिविर
बलरामपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत वाड्रफनगर के सिविल अस्पताल में एक अक्टूबर को रक्तदान महादान शिविर आयोजित किया जाएगा। आज बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि शिविर सुबह 11 बजे से शुरू होगा। विभाग ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की है।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने युवाओं, सामाजिक संगठनों, शासकीय कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों से शिविर में सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की मदद की जा सकती है और सेवा संकल्प अभियान के तहत समाज में सेवा व सहयोग की भावना को मजबूत किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना, प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव, एनीमिया, थैलेसीमिया, कैंसर और गंभीर सर्जरी जैसी स्थितियों में समय पर रक्त उपलब्ध होना बेहद जरूरी होता है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए इसकी उपलब्धता स्वैच्छिक रक्तदान पर निर्भर करती है। एक यूनिट रक्त से अलग किए गए विभिन्न घटकों का उपयोग एक से अधिक मरीजों के उपचार में किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि रक्तदान एक सुरक्षित प्रक्रिया है और इसमें कुछ ही मिनट लगते हैं। सामान्य तौर पर 18 से 65 वर्ष आयु के स्वस्थ व्यक्ति, जिनका वजन 45 किलोग्राम या उससे अधिक हो और हीमोग्लोबिन निर्धारित स्तर पर हो, रक्तदान कर सकते हैं। रक्तदान से पहले स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा आवश्यक जांच की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से 1 अक्टूबर को सुबह 11 बजे सिविल अस्पताल वाड्रफनगर पहुंचकर रक्तदान शिविर में शामिल होने और सेवा संकल्प अभियान में सहभागी बनने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

