सेवा संकल्प अभियान: शंकरगढ़ में एक से छह अक्टूबर तक चार जनसमस्या निवारण शिविर

WhatsApp Channel Join Now

बलरामपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद पंचायत शंकरगढ़ क्षेत्र में एक से 6 अक्टूबर के बीच चार जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जाएंगे। आज बुधवार को जारी कार्यक्रम के अनुसार क्लस्टर आधारित इन शिविरों में विकासखंड की 60 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शंकरगढ़ के निर्देश पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने शिविरों के आयोजन को लेकर आदेश जारी किया है। शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके निराकरण की प्रक्रिया को आसान बनाना है।

पहला शिविर एक अक्टूबर को एकलव्य आदर्श विद्यालय खेल मैदान दोहना में आयोजित होगा, जिसमें 16 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल होंगे। दूसरा शिविर तीन अक्टूबर को पहाड़ी कोरवा आश्रम के पास बेलकोना में होगा, जिसमें 16 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है।

इसी तरह तीसरा शिविर पांच अक्टूबर को शासकीय हाई स्कूल मैदान दुर्गापुर में आयोजित किया जाएगा। इसमें 13 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण अपनी समस्याएं और मांगें रख सकेंगे। चौथा शिविर 6 अक्टूबर को सावंत सरना डीपाडीहकला में होगा, जिसमें 15 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story