सेवा संकल्प शिविर में नहीं जुटे हितग्राही, स्टालों तक सिमटी गतिविधियां

WhatsApp Channel Join Now
सेवा संकल्प शिविर में नहीं जुटे हितग्राही, स्टालों तक सिमटी गतिविधियां


धमतरी, 09 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम के सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को विंध्यवासिनी वार्ड में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में हितग्राहियों की उपस्थिति कम रही। शासन की योजनाओं और निगम की सेवाओं का लाभ एक ही जगह उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाए गए स्टालों के बावजूद लोगों की भागीदारी अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही। दोपहर बाद शिविर की गतिविधियां स्टालों तक सिमट गई।

मां विंध्यवासिनी मंदिर के पीछे स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित शिविर में कुल 52 हितग्राही पहुंचे। इनमें विंध्यवासिनी, दानीटोला, महिमासागर, महात्मा गांधी वार्ड सहित अन्य वार्डों के लोग शामिल थे। राशन कार्ड, नल कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, पेंशन, स्वच्छ भारत मिशन और टैक्स वसूली सहित विभिन्न सेवाओं के स्टाल लगाए गए थे। यहां योजनाओं की जानकारी देने और पात्र हितग्राहियों से आवेदन लेने की व्यवस्था थी। दोपहर दो बजे तक कुछ हितग्राही शिविर में पहुंचे, लेकिन तीन बजे के बाद वार्डवासी नजर नहीं आए। स्टालों पर विभागीय अधिकारी-कर्मचारी ही मौजूद रहे। वहीं अतिथियों के इंतजार में कुछ हितग्राही वापस लौट गए।

विंध्यवासिनी वार्ड के पार्षद अखिलेश सोनकर शिविर में मौजूद रहे और लोगों की समस्याओं के निराकरण का प्रयास करते दिखे।दानीटोला वार्ड की गोमती बाई निराश्रित पेंशन की समस्या लेकर शिविर में पहुंचीं। उन्होंने बताया कि करीब चार साल से उन्हें पेंशन नहीं मिल रही है। पहले डाकिया घर पहुंचकर हर महीने एक हजार रुपये की पेंशन देता था, लेकिन अब राशि मिलना बंद हो गया है।

वार्ड पार्षद के कहने पर वह अपनी समस्या लेकर शिविर में आई थी।नगर निगम के उपायुक्त पी सी सार्वा ने बताया कि शिविर की जानकारी देने के लिए वार्डों में मुनादी कराई गई थी। सभी वार्ड पार्षदों को भी सूचना दी गई थी। निगम के अधिकारी-कर्मचारी स्टालों के माध्यम से नागरिकों को सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story