संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन से समन्वय बनाकर करें जनसेवा : महेश गागड़ा
बीजापुर, 30 जुलाई (हि.स.)। जिले में लगातार हो रही बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने गुरुवार काे आमजन एवं भाजपा कार्यकर्ताओं से सतर्कता बरतने तथा प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर लोगों की सहायता करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि लगातार वर्षा के कारण कई क्षेत्रों में सड़कें बाधित हो सकती हैं और आवागमन प्रभावित होने की संभावना है। ऐसी स्थिति में यदि किसी क्षेत्र का संपर्क टूटता है या लोगों को आवश्यक सहायता की जरूरत पड़ती है, तो स्थानीय एसडीएम, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी से तत्काल संपर्क कर राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करें।
पूर्व मंत्री गागड़ा ने नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने का आग्रह करते हुए कहा कि बाढ़ या डुबान की स्थिति में किसी भी व्यक्ति को नदी, नाले अथवा जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने का जोखिम नहीं उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में प्रशासन के बाढ़ बचाव दल पूरी मुस्तैदी से कार्य करेंगे, इसलिए अफवाहों से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि आपदा की इस घड़ी में मानवीय संवेदनाओं के साथ जरूरतमंद लोगों की सहायता करें तथा प्रशासन के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

