कलेक्टर की संवेदनशील पहल, आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बच्ची को मिली स्कूल ड्रेस और शैक्षणिक सामग्री

WhatsApp Channel Join Now
कलेक्टर की संवेदनशील पहल, आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बच्ची को मिली स्कूल ड्रेस और शैक्षणिक सामग्री


कोरबा, 22 जून (हि. स.)। कलेक्टर जनदर्शन में एक बार फिर प्रशासन की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई देखने को मिली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की एक बच्ची की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने तत्काल पहल करते हुए उसे स्कूल ड्रेस, पाठ्यपुस्तकें, कॉपियां, स्कूल बैग और जूते सहित आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई।

आज जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान पुरानी बस्ती, रानी रोड निवासी सुप्रिया मतवानी ने कलेक्टर कुणाल दुदावत के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर अपनी आर्थिक स्थिति कमजोर होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री इस शैक्षणिक सत्र में इम्प्रेसिव मॉन्टेसरी प्ले स्कूल, पुरानी बस्ती में केजी-1 कक्षा में प्रवेश लेने जा रही है, लेकिन सीमित आय और आर्थिक कठिनाइयों के कारण वे बच्ची के लिए स्कूल ड्रेस, कॉपी-किताबें तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री खरीदने में असमर्थ हैं।

मामले को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा बच्ची के लिए स्कूल गणवेश, पाठ्यपुस्तकें, कॉपियां, स्कूल बैग और जूते सहित जरूरी शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे उसकी पढ़ाई बिना किसी बाधा के शुरू हो सके।

प्रशासन की इस त्वरित सहायता से सुप्रिया मतवानी ने खुशी जाहिर करते हुए जिला प्रशासन और कलेक्टर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण वे बच्ची की पढ़ाई को लेकर चिंतित थीं, लेकिन प्रशासन की मदद से उनकी बड़ी चिंता दूर हो गई है।

जिला प्रशासन के अनुसार जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता और राहत मिल सके। इस तरह की पहलें न केवल जरूरतमंद परिवारों को सहारा देती हैं, बल्कि बच्चों की शिक्षा को भी निरंतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story