कोरबा : कटघोरा के मालदा घाट में अज्ञात व्यक्ति की सड़ी-गली लाश मिली, फोरेंसिक टीम से जांच की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : कटघोरा के मालदा घाट में अज्ञात व्यक्ति की सड़ी-गली लाश मिली, फोरेंसिक टीम से जांच की तैयारी


कोरबा, 04 अक्टूबर (हि. स.)। कटघोरा थाना क्षेत्र के मालदा घाट स्थित बाउंड्री वॉल प्लांट परिसर के घने जंगल में पानी के पास रविवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति की सड़ी-गली लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव काफी पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव पुरुष का है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह एक महिला की नजर जंगल क्षेत्र में पानी के पास शव पर पड़ी। शव की हालत बेहद खराब थी और उससे दुर्गंध आ रही थी। महिला ने इसकी जानकारी आसपास के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को दी। इसके बाद पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के माध्यम से घटना की सूचना कटघोरा पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास मौजूद परिस्थितियों की बारीकी से जांच की। शव की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से लापता लोगों की जानकारी भी जुटा सकती है, ताकि शव की पहचान की जा सके।

पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया जा रहा है। विशेषज्ञों की जांच के बाद शव की स्थिति, संभावित मौत के कारण और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के संबंध में जानकारी सामने आने की उम्मीद है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। इसके अलावा आसपास के ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शव वहां कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा।

घटना के बाद मालदा घाट क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा रही। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच कार्रवाई शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम तथा फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मामले में जांच कार्रवाई जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761057 Articles

Share this story