80 वर्षीय वरिष्ठ नागरिकों को अब मिलेगी निशुल्क बस यात्रा की सुविधा

WhatsApp Channel Join Now
80 वर्षीय वरिष्ठ नागरिकों को अब मिलेगी निशुल्क बस यात्रा की सुविधा


धमतरी 24 जुलाई (हि.स.)। राज्य सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए 80 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए बड़ी सुविधा दी है। अब ऐसे पात्र वरिष्ठ नागरिकों को एक सहायक सहित राज्य में संचालित पात्र यात्री बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।

परिवहन विभाग ने शुक्रवार काे योजना का लाभ अधिक से अधिक हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए सभी जिलों में व्यापक प्रचार-प्रसार और प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश जारी किए हैं। परिवहन आयुक्त कार्यालय के निर्देशानुसार बस स्टैंड, यात्री प्रतीक्षालय, बसों तथा अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर योजना का व्यापक प्रचार किया जाएगा, ताकि पात्र वरिष्ठ नागरिकों को इसकी जानकारी समय पर मिल सके और वे बिना किसी परेशानी के इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों और बस संचालकों को निर्देशित किया है कि पात्र वरिष्ठ नागरिकों और उनके एक सहायक को निशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ यात्रा के दौरान सम्मानजनक व्यवहार और आवश्यक सहयोग भी सुनिश्चित किया जाए। साथ ही योजना से जुड़ी किसी भी शिकायत या समस्या का त्वरित निराकरण करने तथा क्रियान्वयन की नियमित प्रगति रिपोर्ट निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। शासन का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुगम सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे सामाजिक, पारिवारिक और आवश्यक कार्यों के लिए बिना किसी आर्थिक बोझ के निर्बाध यात्रा कर सकें। सरकार ने सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों से इस जनहितकारी योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story