लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश बंसल ने खैरागढ़ में निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश बंसल ने खैरागढ़ में निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण


रायपुर, 3 नवम्बर (हि. स.)। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज मंगलवार को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में प्रगतिरत कार्यों का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने खैरागढ़ में लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीण संयुक्त जिला कार्यालय भवन, सर्किट हाउस, खैरागढ़ बायपास मार्ग, आमनेर नदी पर उच्च स्तरीय पुल तथा सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का जायजा लेकर उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने इस दौरान विभागीय अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्धारित गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने खैरागढ़ में 18 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन का निरीक्षण कर इसके विभिन्न हिस्सों में चल रहे कार्यों की जानकारी ली।

कार्यपालन अभियंता एल.एन.एस. राठौर ने बताया कि भवन के भूतल में स्तंभ निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है। प्रथम तल के ब्लॉक ‘ए’ में स्लैब एवं शटरिंग का कार्य प्रगति पर है, जबकि ब्लॉक ‘बी’ एवं ‘सी’ में कॉलम स्तर तक कार्य पूर्ण कर लिया गया है। संयुक्त जिला कार्यालय भवन का निर्माण जून-2027 तक पूर्ण किया जाना है।

श्री बंसल ने खैरागढ़ में 3 करोड़ 4 लाख की लागत से निर्माणाधीन सर्किट हाउस का भी निरीक्षण किया। यहां भवन के ऊपरी ढांचे का निर्माण कार्य प्रगति पर है। मार्च-2027 तक इसे पूर्ण करने का लक्ष्य है।

सचिव श्री बंसल ने खैरागढ़ बायपास मार्ग पर आमनेर नदी में निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल का भी निरीक्षण किया। पुल के दोनों एबटमेंट का कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं सभी पांच पियर और छह में से तीन स्पैन की ढलाई का कार्य प्रगति पर है। पुल निर्माण का कार्य फरवरी-2027 तक पूर्ण किया जाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्धारित समयावधि में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, दुर्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एन.के. जयंत, अधीक्षण अभियंता अर्पणा चौरपगार, सेतु संभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता चंद्रकिशोर पाण्डेय और विद्युत एवं यांत्रिकी संभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता अब्दुल कादिर सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी, उप अभियंता तथा ठेकेदार भी श्री बंसल के निरीक्षण के दौरान मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771512 Articles

Share this story