12वीं पास विद्यार्थियों को मिलेगी मुफ्त आवासीय नीट कोचिंग, एसईसीएल की चयन परीक्षा 29 नवंबर को

WhatsApp Channel Join Now

बलरामपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। चिकित्सक बनने का सपना देख रहे 12वीं पास विद्यार्थियों के लिए साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने निशुल्क आवासीय नीट कोचिंग की सुविधा शुरू की है। सीएसआर के तहत संचालित ‘एसईसीएल के सुश्रुत’ परियोजना के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को बिलासपुर की प्रीमियर एजुकेशन एकेडमी में कोचिंग दी जाएगी। इसके साथ ही उन्हें अध्ययन सामग्री, छात्रावास और भोजन की सुविधा भी पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

इस योजना का लाभ भौतिकी, रसायन और जीव विज्ञान (पीसीबी) विषयों के साथ 12वीं उत्तीर्ण वे विद्यार्थी ले सकेंगे, जो एसईसीएल की खनन परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों के आश्रित हैं या एसईसीएल खदानों के आसपास के ग्रामीण अथवा शहरी क्षेत्रों में निवास करते हैं। इसके लिए चयन परीक्षा 29 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

परीक्षा के लिए केंद्रीय विद्यालय रामपुर कॉलोनी, बैकुंठपुर, डीएवी पब्लिक स्कूल बड़तुंगा, चिरमिरी, डीएवी पब्लिक स्कूल विश्रामपुर और भटगांव तथा केंद्रीय विद्यालय एसईसीएल झगराखंड (हसदेव एरिया) में केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षार्थियों के आने-जाने के लिए एसईसीएल की स्कूल बसों से परिवहन की व्यवस्था भी की जाएगी।

इच्छुक पात्र विद्यार्थी अपने विद्यालय के प्राचार्य या प्रधान पाठक, ग्राम पंचायत सचिव अथवा सरपंच से संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं। इसके अलावा एसईसीएल बैकुंठपुर क्षेत्रीय सीएसआर कार्यालय में भी संपर्क किया जा सकता है। ऑनलाइन पंजीयन 28 नवंबर को शाम 5 बजे तक https://forms.gle/CKy66pXbDNSt2UgW8 लिंक के माध्यम से किया जा सकेगा।

योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए एसईसीएल की वेबसाइट www.secl-cil.in पर जा सकते हैं या gmcsr.secl@coalindia.in पर ईमेल कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777159 Articles

Share this story