धान खरीद की तैयारियों का एसडीएम ने लिया जायजा, अछोटा केंद्र का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
धान खरीद की तैयारियों का एसडीएम ने लिया जायजा, अछोटा केंद्र का किया निरीक्षण


धमतरी, 14 नवंबर (हि.स.)। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू होने जा रही है। खरीद कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने और उपार्जन केंद्रों में की गई तैयारियों का जायजा लेने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व डॉ. कल्पना ध्रुव ने ग्रामीण सेवा सहकारी समिति अछोटा के धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने केंद्र में किसानों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम ने धान की तौलाई, नमी परीक्षण, बारदानों की उपलब्धता, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन सहित पेयजल और छायादार बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया।

उन्होंने कहा कि, धान खरीद के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। किसानों द्वारा लाए गए धान का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परीक्षण एवं तौल सुनिश्चित किया जाए। साथ ही खरीद से संबंधित सभी अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण करते हुए शासन के दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए।

उन्होंने केंद्र में साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि, धान खरीद शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। इसलिए किसानों की सुविधा, पारदर्शिता और नियमानुसार खरीद सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय से जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें। उल्लेखनीय है कि जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में 15 नवंबर से खरीद प्रारंभ होगी। प्रशासन द्वारा पहले दिन से ही किसानों को व्यवस्थित और सुविधाजनक तरीके से अपनी उपज बेचने की व्यवस्था की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776929 Articles

Share this story