प्रशासन ने लिया तत्काल संज्ञान, कलमी में सरकारी जमीन के मामले की जांच अब तहसीलदार के जिम्मे

WhatsApp Channel Join Now
प्रशासन ने लिया तत्काल संज्ञान, कलमी में सरकारी जमीन के मामले की जांच अब तहसीलदार के जिम्मे


रायगढ़ , 28 सितंबर (हि.स.)। रायगढ़ जिले के ग्राम कलमी में सरकारी जमीन पर कथित कब्जे को लेकर प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया है। एसडीएम कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आज नायब तहसीलदार रायगढ़ को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान यदि शासकीय जमीन पर अतिक्रमण पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मामला ग्राम कलमी के खसरा नंबर 392 की 1,681 वर्गफुट जमीन से जुड़ा है। इस जमीन पर पिंटू सिंह पिता रामेश्वर द्वारा कथित अतिक्रमण किए जाने की खबर प्रकाशित हुई थी। समाचार सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि एसडीएम ने नायब तहसीलदार को मौके की जांच और संबंधित पक्ष की सुनवाई के निर्देश दिए हैं।

एसडीएम कार्यालय से जारी पत्र में 28 सितंबर 2026 को प्रकाशित विभिन्न समाचार पत्रों में आई खबर का स्पष्ट उल्लेख किया गया है। इसके बाद राजस्व विभाग को पूरे मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की जिम्मेदारी दी गई है। एसडीएम के निर्देश में कहा गया है कि यदि जांच में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण पाया जाता है तो छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता की धारा 248 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाए। यानी प्रशासन ने जांच की जिम्मेदारी तय करने के साथ आगे की कार्रवाई का रास्ता भी स्पष्ट कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Share this story