एसडीएम से मृतक छात्र के पिता बोले- जैसा मेरे बेटे के साथ हुआ वैसा किसी के साथ न हो

WhatsApp Channel Join Now
एसडीएम से मृतक छात्र के पिता बोले- जैसा मेरे बेटे के साथ हुआ वैसा किसी के साथ न हो


कांकेर, 31 अगस्त (हि.स.)। जिले के अंतागढ़ विकासखंड के फूलपाड़ में रक्षाबंधन के दिन छात्र हेमराज कुमेटी की मलेरिया से मौत के बाद अंतागढ़ एसडीएम राहुल रजक आज साेमवार काे मृतक के घर पहुंचे।

उन्होंने उसके पिता संजय कुमेटी और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली, परिवार को ढांढस बंधाया। मृतक छात्र हेमराज के पिता ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर अपनी पीड़ा व्यक्त की। उन्होंने सर्वसुविधायुक्त अस्पताल और आपातकालीन एंबुलेंस की व्यवस्था की मांग की। भावुक होकर उन्होंने कहा, आज मेरे बच्चे के साथ हुआ। वह कल किसी और के साथ न हो। परिजनों का कहना है कि आपात स्थिति में यदि समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा और एंबुलेंस उपलब्ध होती, तो शायद स्थिति अलग हो सकती थी। एसडीएम राहुल रजक ने प्रशासन की ओर से 25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि जारी की। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी ली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story