स्काउट्स गाइड्स संघ ने सर्वधर्म प्रार्थना से दिया सामाजिक सद्भाव, एकता एवं भाईचारे का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
स्काउट्स गाइड्स संघ ने सर्वधर्म प्रार्थना से दिया सामाजिक सद्भाव, एकता एवं भाईचारे का संदेश


जगदलपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ बस्तर के सौजन्य से आज शुक्रवार काे शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल तोकापाल में जिलास्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों की प्रार्थनाओं के माध्यम से शांति, सद्भाव, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष रामवती भंडारी रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ बस्तर के जिला मुख्य आयुक्त सुरेश गुप्ता ने की। विशेष अतिथि के रूप में जनपद उपाध्यक्ष रितेश जोशी, स्काउट-गाइड, आजीवन सदस्य रोशन झा, परमेश राजा, गाइड कमिश्नर समिति श्रीमती सुधा परमार, पूर्व डीओसी महेश देवांगन, जिला मुख्यालय आयुक्त मनोज महापात्र सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

जिला मुख्य आयुक्त सुरेश गुप्ता ने सर्वधर्म प्रार्थना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी विविधता में एकता है। अलग-अलग धर्म, पंथ, भाषा और संस्कृति होने के बावजूद हम सभी एक राष्ट्र और एक समाज का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि सर्वधर्म प्रार्थना जैसे आयोजन विद्यार्थियों के मन में सहिष्णुता, करुणा, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करते हैं। जब नई पीढ़ी एक-दूसरे की भावनाओं और परंपराओं का सम्मान करना सीखेगी तभी एक मजबूत, शांतिपूर्ण और समरस समाज का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति हमें सदैव सर्वे भवन्तु सुखिनः की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

कार्यक्रम का संचालन गोपेंद्र शार्दुल ने किया और आभार जिला प्रशिक्षण आयुक्त जयप्रकाश पाठक ने किया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साह पूर्वक सहभागिता की। स्काउट-गाइड पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में गाइडर बहने बृजेश्वरी पोद्दार, इंदु टेकाम, गेंद कुमारी तिवारी, भक्ति कश्यप, दीपा ठाकुर, कंचन विश्वकर्मा, दीप्ति बारले, तनुल गुप्ता, नीरज मरावी, रामदास कुंजाम, उत्तम साहू, कृष्णा मौर्य सहित जिले के अनेक स्काउट-गाइड साथी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story