स्काउट-गाइड बैठक में वार्षिक कार्ययोजना पर हुई चर्चा, बनी रणनीति

WhatsApp Channel Join Now
स्काउट-गाइड बैठक में वार्षिक कार्ययोजना पर हुई चर्चा, बनी रणनीति


धमतरी, 22 अगस्त (हि.स.)। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स स्थानीय संघ के तत्वावधान में बीआरसीसी भवन के सभागार में शनिवार काे एक दिवसीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में स्थानीय संघ उपाध्यक्ष राजेश पाण्डेय, आजीवन सदस्य प्रतिनिधि श्रवण साहू, धनंजय ठाकुर, वीणा खत्री, अरुणा नेताम, एबीईओ डीके साहू और बीआरसीसी कुलेश्वर सिन्हा सहित पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में वार्षिक कार्ययोजना, आगामी माह में स्थानीय परिषद के चुनाव, आजीवन सदस्यता, वारंट एवं चार्टर नवीनीकरण, अंशदान राशि, बीएसजी पोर्टल पर विद्यालय दल के ऑनलाइन पंजीयन सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। आगामी माह होने वाले द्वितीय एवं जिला स्तरीय तृतीय सोपान कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता, राज्य पुरस्कार, दक्षता पदक और लॉगबुक से संबंधित जानकारी भी प्रभारियों को दी गई।

भखारा में स्काउट-गाइड का बेसिक प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रभारियों को अतिथियों ने प्रमाणपत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया। उपाध्यक्ष राजेश पाण्डेय ने स्काउटिंग को विद्यार्थियों में चरित्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला। आजीवन सदस्य प्रतिनिधि श्रवण साहू ने अनुशासन, सेवा भावना, टीमवर्क और सामाजिक गुणों के विकास में स्काउटिंग की भूमिका बताई। एबीईओ धर्मेंद्र साहू ने स्काउटिंग की मूल जानकारी देते हुए यूनिफार्म के महत्व को रेखांकित किया और इसे विद्यार्थियों के लिए जीवन कौशल बताया।

बैठक में स्थानीय संघ सहसचिव दीपमाला साहू, ललिता पटेल, दुर्गेश द्विवेदी, दीनानाथ पाण्डेय, बालमुकुंद साहू, सुधाकर साहू, सोहनलाल साहू, मेनका निषाद सहित स्काउट-गाइड और रोवर-रेंजर विंग के प्रभारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story