कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रेलर की चपेट में आई स्कूटी सवार युवती, मौत

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रेलर की चपेट में आई स्कूटी सवार युवती, मौत


कोरबा, 5 अक्टूबर (हि. स.)। शहर के सर्वमंगला चौक में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवती की मौत हो गई। एसईसीएल कुसमुंडा और गेवरा क्षेत्र की ओर जाने वाले व्यस्त मार्ग पर एक ट्रेलर ने स्कूटी सवार युवती को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद युवती गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती स्कूटी से कोरबा की ओर जा रही थी। वह सर्वमंगला चौक के पास पहुंची ही थी, तभी एक ट्रेलर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवती स्कूटी समेत सड़क पर गिर गई। हादसे में उसके सिर और छाती में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद सर्वमंगला चौक पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय ही युवती ने दम तोड़ दिया।

मौके पर मौजूद आदित्य सिंह ने बताया कि ट्रेलर की टक्कर के बाद युवती सड़क पर घायल अवस्था में पड़ी थी। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रेलर को जब्त कर लिया है। वहीं, स्कूटी के पंजीयन नंबर के आधार पर मृतका की पहचान और उसके परिजनों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और ट्रेलर चालक की लापरवाही थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। सर्वमंगला चौक पर भारी वाहनों की आवाजाही के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story