16 जून से खुलेंगे स्कूल, नहीं बंटेगा मध्याह्न भोजन

WhatsApp Channel Join Now
16 जून से खुलेंगे स्कूल, नहीं बंटेगा मध्याह्न भोजन


धमतरी , 14 जून (हि.स.)।

छत्तीसगढ़ मध्याह्न भोजन रसोईया संघ जिला धमतरी की रविवार को गांधी मैदान में हुई बैठक के बाद मध्याह्न भोजन व्यवस्था पर बड़ा असर पड़ने की संभावना है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि विगत दो वर्षों से जून माह की 16 से 30 तारीख तक का मानदेय भुगतान लंबित है, जिससे रसोईयों में नाराजगी है। इसी के चलते रसोईयों ने उक्त अवधि में मध्याह्न भोजन निर्माण कार्य नहीं करने का निर्णय लिया है, जिसके कारण जिले के हजारों स्कूली बच्चों को दोपहर का भोजन नहीं मिल पाएगा। वहीं एक जुलाई से पुनः स्कूलों में भोजन निर्माण कार्य शुरू करने का निर्णय लिया गया है।

संघ के संरक्षक बिदेराम मरकाम, जिलाध्यक्ष इंद्राणी निषाद एवं जिला सचिव रीना साहू ने बताया कि बीते दो वर्षों से जून माह का मानदेय भुगतान लंबित है। जिसे लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो सका है। इसी से नाराज होकर रसोइयों ने तय किया है कि 16 से 30 जून तक मध्याह्न भोजन निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा। वहीं एक जुलाई से सभी रसोईया पुनः कार्य पर उपस्थित होकर पूर्ववत कार्य प्रारंभ करेंगे। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि जिले में लगभग 2600 रसोईया कार्यरत हैं, जो शासकीय विद्यालयों में मध्याह्न भोजन संचालन का कार्य संभालते हैं। भुगतान लंबित रहने से रसोइयों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति बनी हुई है। बैठक के निर्णय के चलते धमतरी जिले के स्कूलों में मध्याह्न भोजन व्यवस्था प्रभावित रहने की संभावना है। संघ ने शासन-प्रशासन से लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान करने की मांग की है। इस बैठक में जिला उपाध्यक्ष ललिता देवांगन, सत्यभामा सोनवानी, जिला कोषाध्यक्ष चंद्रवती विश्वकर्मा, जिला सलाहकार हेमलता मानिकपुरी, राधा यादव, चमेली मानिकपुरी, राम राज कश्यप, कन्हैया राम, मेघराज बघेल सहित बड़ी संख्या में रसोईया कर्मचारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story