शाला प्रवेशोत्सव में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
शाला प्रवेशोत्सव में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वागत


मुजगहन विद्यालय में उत्साह के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव

धमतरी, 16 जून (हि.स.)। शासकीय विद्यालय मुजगहन में मंगलवार को शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजयुमो जिला महामंत्री एवं शाला विकास समिति के अध्यक्ष ओमेश यादव उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में प्राचार्य मोनिका गोस्वामी, वरिष्ठ शिक्षक नाग सर, समस्त शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में पालकों ने सहभागिता निभाई। उत्सव के दौरान विद्यार्थियों को निश्शुल्क पाठ्य-पुस्तकों का वितरण किया गया, ताकि वे सत्र के प्रारंभ से ही अध्ययन कार्य सुचारु रूप से शुरू कर सकें। साथ ही बच्चों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया।

अपने संबोधन में ओमेश यादव ने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है और अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के संकल्प को दोहराया गया। अतिथियों, शिक्षकों और पालकों के सहयोग से आयोजित शाला प्रवेश उत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story