शाला प्रवेश उत्सव में शामिल हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे

WhatsApp Channel Join Now
शाला प्रवेश उत्सव में शामिल हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे


शाला प्रवेश उत्सव में शामिल हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे


जांजगीर-चांपा, 16 जून (हि. स.)। नए शैक्षणिक सत्र के पहले दिन जिले के ग्राम चोरिया स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर जन्मेजय महोबे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को गणवेश एवं पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया, मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरणादायी संदेश दिए।

कलेक्टर महोबे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन में सफलता की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन और समय का सही उपयोग ही सफलता की कुंजी है।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों की मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण और शिक्षकों का समर्पण प्रशंसनीय है, जिसका परिणाम है कि यहां से हर वर्ष प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं निकलकर विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने विद्यालय के 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों की भी सराहना करते हुए इसे शिक्षकों और विद्यार्थियों की सामूहिक मेहनत का परिणाम बताया।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों को करियर निर्माण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान समय में पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ कौशल आधारित एवं व्यावसायिक शिक्षा का महत्व तेजी से बढ़ा है। उन्होंने ऑटोमोबाइल, हैंडलूम, हैंडीक्राफ्ट और अन्य रोजगारपरक क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी और विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप करियर चुनने की सलाह दी।

विद्यार्थियों से संवाद के दौरान कलेक्टर महोबे ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, सही योजना और समय प्रबंधन के माध्यम से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। किसी क्षेत्र से संबंधित समस्या होने पर विद्यार्थी और शिक्षक सीधे प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं।

शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत कदम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत उत्साह, प्रेरणा और सकारात्मक संदेशों के साथ हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story