कोरबा : कंधों से उतरा स्कूल बैग, हुनर और अनुभवों से खिला बच्चों का बचपन

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : कंधों से उतरा स्कूल बैग, हुनर और अनुभवों से खिला बच्चों का बचपन


कोरबा, 21 नवम्बर (हि. स.)। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-4, गोपालपुर, कोरबा में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों के तहत 16 से 21 नवम्बर तक बैगलेस डे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कक्षा छठवीं से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने बिना स्कूल बैग के विभिन्न रचनात्मक एवं व्यावहारिक गतिविधियों में भाग लेकर अनुभव आधारित शिक्षा प्राप्त की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना तथा शिक्षा को तनावमुक्त, आनंददायक और रुचिकर बनाना था।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण दिया गया। मंजुला श्रीवास्तव ने बच्चों को ड्राइंग एवं पेंटिंग की बारीकियां सिखाईं, वहीं कुंती प्रजापति ने ब्यूटी पार्लर से संबंधित गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया। दीपेश्वर प्रजापति ने मिट्टी के दीये बनाने की कला से विद्यार्थियों को परिचित कराया, जबकि रवि कुमार बसोंड ने बांस से टोकरी एवं सूपा बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और विभिन्न आजीविका आधारित कौशलों को समझने का अवसर मिला।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत वर्ष में कुल 10 दिवस बैगलेस डे गतिविधियों का आयोजन किया जाना है। इसी क्रम में विद्यालय में आगामी दिसम्बर एवं जनवरी माह में भी दो-दो दिवस के बैगलेस डे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्थानीय कला, शिल्प, रचनात्मकता और जीवनोपयोगी कौशलों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और रुचि के साथ विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की। पारंपरिक कला एवं हस्तशिल्प को करीब से सीखने के साथ ही बच्चों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। इस अनुभवात्मक शिक्षण ने उनके सीखने की प्रक्रिया को अधिक रोचक और आनंदमय बनाया।

प्रशिक्षित स्नातक शिक्षिका करिश्मा उपाध्याय के कुशल मार्गदर्शन में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यालय के प्राचार्य बीएस अहीरे ने सभी प्रशिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार का अनुभवात्मक शिक्षण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वरिष्ठ शिक्षक जीआर जांगड़े ने प्रशिक्षणकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, केंद्रीय विद्यालय संगठन के निर्धारित नियमों के तहत प्रशिक्षणकर्ताओं को उनके पारिश्रमिक का भुगतान किया जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780947 Articles

Share this story