बस्तर के 450 वरिष्ठ नागरिकों के निशुल्क तीर्थ यात्रा के लिए कार्यक्रम जारी

WhatsApp Channel Join Now
बस्तर के 450 वरिष्ठ नागरिकों के निशुल्क तीर्थ यात्रा के लिए कार्यक्रम जारी


जगदलपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी 'मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन यात्रा योजना' के तहत बस्तर जिले के वरिष्ठ नागरिकों, विधवा एवं परित्यक्त महिलाओं के लिए अक्टूबर और नवंबर में विशेष तीर्थ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। समाज कल्याण विभाग द्वारा जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार जिले के कुल 450 पात्र श्रद्धालुओं को देश के प्रतिष्ठित धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।

उपसंचालक समाज कल्याण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार यात्रा की शुरुआत 6 से 9 अक्टूबर 2026 के बीच होगी, जिसमें सर्वाधिक 394 तीर्थयात्री गंगासागर, बिरला मंदिर और कालीघाट के दर्शन करेंगे, जिसके लिए 25 सितंबर 2026 तक आवेदन मंगाए गए हैं। इसके पश्चात दूसरे चरण में 10 से 15 नवंबर तक 28 श्रद्धालु अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर, माता वैष्णो देवी और वाघा बॉर्डर की यात्रा पर रवाना होंगे, जिसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर तय की गई है। अंतिम चरण में 27 नवंबर से एक दिसंबर तक 28 यात्रियों का दल बोधगया, सारनाथ और नालंदा की यात्रा करेगा, जिसके लिए इच्छुक आवेदक 16 नवंबर तक फॉर्म जमा कर सकते हैं।

योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों की न्यूनतम आयु 60 वर्ष या उससे अधिक और विधवा व परित्यक्त महिलाओं की आयु 18 से 59 वर्ष के मध्य होना अनिवार्य है। वर्तमान में सेवारत या सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारी और पूर्व में इस योजना का लाभ ले चुके व्यक्ति इसके पात्र नहीं होंगे। यात्रा में सामाजिक संतुलन बनाए रखने के लिए 75 प्रतिशत हितग्राही ग्रामीण क्षेत्रों से और 25 प्रतिशत नगरीय निकायों से चयनित किए जाएंगे, जिसमें 80 प्रतिशत सीटें बीपीएल, अंत्योदय व मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना कार्डधारकों के लिए तथा 20 प्रतिशत सीटें एपीएल वर्ग के लिए आरक्षित रखी गई हैं। इसके अतिरिक्त 65 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों की सुविधा के लिए उनकी पसंद के 21 से 50 वर्ष आयु वर्ग के एक व्यक्ति को बतौर सहायक ले जाने की अनुमति भी दी गई है।

इस योजना में इच्छुक पात्र हितग्राहियों को आवेदन पत्र के साथ चिकित्सक द्वारा प्रमाणित शारीरिक सक्षमता प्रमाण पत्र, रक्त समूह प्रमाण पत्र, पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड व राशन कार्ड), दो पासपोर्ट साइज फोटो और संपर्क नंबर संलग्न करना होगा। उपसंचालक एवं सदस्य सचिव मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन यात्रा समिति जगदलपुर ने जिले के सभी पात्र वृद्धजनों और महिलाओं से अपील की है कि वे समय-सीमा के भीतर अपने संबंधित जनपद पंचायत अथवा नगरीय निकाय कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर इस यात्रा का लाभ उठाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story