एसबीएम की बैठक में कचरा पृथक्करण और जनजागरूकता पर दिया गया जोर

WhatsApp Channel Join Now
एसबीएम की बैठक में कचरा पृथक्करण और जनजागरूकता पर दिया गया जोर


एसबीएम की बैठक में कचरा पृथक्करण और जनजागरूकता पर दिया गया जोर


सभापति नीलेश लूनिया ने ली बैठक

एसबीएम की 171 महिलाओं की बैठक में दिए सख्त निर्देश

धमतरी, 10 जुलाई (हि.स.)।

नगर निगम धमतरी के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के अंतर्गत स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) से जुड़ी 171 महिलाओं की बैठक आज शुक्रवार काे आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के सभापति नीलेश लूनिया ने की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड के हर घर से नियमित रूप से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए और शहर का एक भी घर इस व्यवस्था से वंचित न रहे।

बैठक में उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने में एसबीएम की महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गीले और सूखे कचरे के अनिवार्य पृथक्करण पर जोर देते हुए प्लास्टिक, झिल्ली एवं डिस्पोजल जैसी सामग्री को अलग कर निर्धारित स्थान पर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस प्रकार का कचरा नालियों में पहुंचने से जल निकासी बाधित होती है, जिससे बरसात के दौरान जलभराव जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं। उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं एसबीएम की महिलाओं से जिम्मेदारी, अनुशासन और ईमानदारी के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छ धमतरी का निर्माण सभी की सहभागिता से ही संभव है।

बैठक में पीडब्ल्यूडी सभापति विजय मोटवानी ने कहा कि शहर का कोई भी घर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से नहीं छूटना चाहिए। उन्होंने प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित फॉगिंग कराने तथा प्रत्येक सेंटर स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और स्वच्छ भारत मिशन के प्रति जागरूक करने पर बल दिया। जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर ने कहा कि प्रत्येक घर से नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। जो लोग सार्वजनिक स्थानों, सड़कों या नालियों में कचरा फेंकते हैं, उन्हें पहले समझाइश देकर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था से जोड़ा जाए। इसके बाद भी नियमों का पालन नहीं करने वालों के विरुद्ध नगर निगम के प्रावधानों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाए। बैठक में हेमंत बंजारे, कुलेश सोनी, स्वास्थ्य अधिकारी कमलेश ठाकुर, शशांक मिश्रा, तरुण गजेंद्र, श्यामू सोना, धनेश सिन्हा, चंदू साहू सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story