सतनामी समाज की बैठक में चुनाव समिति का विरोध, निर्वाचन प्रक्रिया का बहिष्कार करने का निर्णय

WhatsApp Channel Join Now
सतनामी समाज की बैठक में चुनाव समिति का विरोध, निर्वाचन प्रक्रिया का बहिष्कार करने का निर्णय


जिलाध्यक्ष कपिल देशलहरे के नेतृत्व में अगस्त 2028 तक कार्यकाल, सभी की सहमति से चुनाव कराने पर जोर

धमतरी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। सतनामी समाज जिला धमतरी में चुनाव प्रक्रिया को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। रविवार को गुरु बालक दास भवन में सतनामी समाज जिला धमतरी के जिलाध्यक्ष कपिल देशलहरे एवं अखिल भारतीय सतनामी समाज जिला धमतरी के पंजीकृत जिलाध्यक्ष भागीरथी भास्कर की संयुक्त पहल पर सामाजिक चुनाव प्रक्रिया के संबंध में बैठक आयोजित की गई। इसमें मगरलोड, भखारा, कुरूद, नगरी, धमतरी ग्रामीण और धमतरी शहर सहित विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्षों के साथ शासकीय सतनामी सेवक संघ, महिला समिति और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने वर्तमान चुनाव समिति के गठन और निर्वाचन प्रक्रिया पर आपत्ति जताते हुए इसे सामाजिक रीति-नीति एवं संवैधानिक प्रक्रिया के अनुरूप नहीं बताया। सदस्यों का कहना था कि किसी समिति को समाज का नाम देकर चुनाव कराना उचित नहीं है, क्योंकि समाज में पहले से ही विभिन्न समितियां कार्यरत हैं। बैठक में चुनाव समिति के नियमों को गलत बताते हुए उसकी प्रक्रिया और प्रस्तावित निर्वाचन का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया। शासकीय सतनामी सेवक संघ जिला धमतरी ने भी चुनाव का बहिष्कार किया। संघ को समाज का आधार स्तंभ बताते हुए उसके रुख को महत्वपूर्ण बताया गया। इसी तरह सतनामी समाज ब्लॉक भखारा और धमतरी ग्रामीण ने भी चुनाव समिति तथा चुनाव प्रक्रिया का बहिष्कार किया।

कुरूद ब्लॉक के प्रतिनिधियों ने चुनाव समिति के गठन की जानकारी नहीं दिए जाने पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि चुनाव प्रक्रिया, नीति और नियम समाज की परंपराओं के अनुरूप नहीं हैं तथा परिवारवाद के आधार पर मतदाता बनाकर समाज को चुनाव के नाम पर गुमराह किया जा रहा है। बैठक में जिलाध्यक्ष कपिल देशलहरे के कार्यकाल और सामाजिक गतिविधियों पर भी चर्चा हुई। उपस्थित सदस्यों ने बताया कि उनका कार्यकाल अगस्त 2028 तक है। उनके नेतृत्व में प्रदेशस्तरीय सम्मेलन, सम्मान समारोह, सतनाम रावटी, नशामुक्ति अभियान, रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने, धर्मांतरण से जुड़े विषयों, जयंती एवं समारोहों, शिक्षा, सामाजिक-आर्थिक स्थिति, सभ्यता-संस्कृति, रीति-रिवाज, परंपराओं, पंथी नृत्य, जैतखाम तथा अन्य समाजों के साथ भाईचारा और सामंजस्य बनाए रखने जैसे कार्य किए जा रहे हैं।

बैठक में कहा गया कि जिलाध्यक्ष कपिल देशलहरे के मार्गदर्शन में समाज के सदस्यों की सहमति और सहयोग से चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। समाज के प्रतिनिधियों ने दावा किया कि लगभग 97 प्रतिशत लोग संगठित हैं, जबकि कुछ सदस्यों के बीच विचारधारा का अंतर है। इसे बातचीत के माध्यम से दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। समाज के वरिष्ठ पत्रकारों, सामाजिक चिंतकों, शासकीय सेवकों और युवाओं की पहल पर लगातार बैठकें आयोजित कर आपसी सामंजस्य स्थापित करने की बात कही गई। बैठक में सामाजिक एकता बनाए रखने और सभी पक्षों की सहमति से निर्वाचन प्रक्रिया तय करने पर जोर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766582 Articles

Share this story