सर्व आदिवासी समाज की जिला स्तरीय बैठक संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
सर्व आदिवासी समाज की जिला स्तरीय बैठक संपन्न


धमतरी, 04 जुलाई (हि.स.)। सर्व आदिवासी समाज जिला धमतरी की जिला स्तरीय बैठक शनिवार को गोंडवाना भवन में जिलाध्यक्ष जीवराखन मरई की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में गोंड समाज, कंवर समाज, हल्बा समाज, नगारची समाज, पारधी समाज सहित विभिन्न आदिवासी समाजों के जिलाध्यक्ष, पदाधिकारी एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में आगामी विश्व आदिवासी दिवस के आयोजन, जिले के 60 आदिवासी बाहुल्य गांवों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, 154 आदिवासी परिवारों की भूमि की कथित गैर-संवैधानिक खरीद-फरोख्त, संगठनात्मक गतिविधियों, संवैधानिक अधिकारों, वर्ष 2027 की जनगणना में अलग आदिवासी धर्म कोड तथा सीधी भर्ती, पदोन्नति एवं प्रवेश परीक्षाओं में आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस का जिला स्तरीय आयोजन रोटेशन व्यवस्था के तहत नगरी में किया जाएगा तथा इसकी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शीघ्र ही नगरी में अलग बैठक आयोजित होगी। बैठक में हाल ही में अपनी मूलभूत समस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से कलेक्ट्रेट की ओर जा रहे 60 आदिवासी बाहुल्य गांवों के ग्रामीणों पर बनरौद में अश्रु गैस छोड़े जाने की घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसकी न्यायिक जांच की मांग की गई।

समाज ने निर्णय लिया कि 9 जुलाई को कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। बैठक में यह भी आरोप लगाया गया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के बावजूद शासकीय सेवाओं में आदिवासी वर्ग के लिए पदोन्नति, सीधी भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं में आरक्षण रोस्टर का समुचित पालन नहीं हो रहा है। इस संबंध में भी शासन को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। वहीं 154 आदिवासी परिवारों की भूमि की कथित खरीद-फरोख्त के मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए समाज ने कानूनी लड़ाई लड़ने का प्रस्ताव पारित किया। वर्ष 2027 की जनगणना में अलग आदिवासी धर्म कोड का कॉलम शामिल कराने की मांग को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा प्रत्येक आदिवासी परिवार से अपने धर्म के रूप में आदिवासी दर्ज कराने का आह्वान भी किया गया।

बैठक में महेश रावटे, माधव सिंह ठाकुर, उदय नेताम, डॉ. ए.आर. ठाकुर, कमलनारायण ध्रुव, जयपाल ठाकुर, उमेश देव, देवनाथ नेताम, होमन सिंह कतलम, सोमनाथ मरई, ठाकुर राम नेताम, पोखन कंवर, कांशीराम कंवर, रामप्रसाद कंवर, गेवाराम नेताम, रामेश्वर मरकाम, ढालूराम ध्रुव, कांशीराम छेदैया, कृष्णा नेताम, जगन्नाथ मंडावी, चन्द्रकला नेताम, ईश्वरी नेताम, नंदा नेताम, गीता नेताम, चन्द्रकिरण नेताम, माधुरी रावटे, चमेली नेताम, भूमिका कोर्राम, रमी गौतम, संतोष कुमार नगारची, प्रदुमन नगारची, रामनारायण नगारची, साधुराम कंवर, नरोत्तम पडोटी, होलाराम मंडावी, भूतनाथ पारधी, शीशराम कंवर, जोहत राम ध्रुव, पुनाराम नागवंशी, फलीन्द्र ध्रुव, नीलू छेदैया, देवराज नेताम, नैकू परते, गौतम मरकाम, दयाराम मरकाम, विष्णु नेताम, कुलेश्वर ध्रुव, एवल नेताम, मानसिंह कपूर, असंत राम कंवर, दलगंजन मरकाम, संतोष गंगेश, टोकेश्वर नेताम, झलक कलताम, कमलेश नगारची, लोकेश मंडावी, घनश्याम ध्रुव, दयाराम ध्रुव, गौतम सिंह मरकाम सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story