अंबिकापुर : सीसी रोड के नाम पर लाखों की हेराफेरी, सरपंच पर गबन के आरोप

WhatsApp Channel Join Now
अंबिकापुर : सीसी रोड के नाम पर लाखों की हेराफेरी, सरपंच पर गबन के आरोप


अंबिकापुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में अधोसंरचना मद से स्वीकृत राशि के गबन का मामला सामने आने के बाद ग्राम पंचायत सोनतराई में ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है। गांव में सीसी रोड निर्माण के लिए स्वीकृत लाखों रुपये की राशि आहरित कर लिए जाने के बावजूद काम शुरू नहीं होने पर ग्रामीणों ने सरपंच पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कलेक्टर जनदर्शन में साेमवार काे ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024-25 में अधोसंरचना मद के तहत ग्राम पंचायत सोनतराई के भुलसीटिकरा में 16 लाख रुपये की लागत से दो सीसी रोड निर्माण की स्वीकृति दी गई थी। यह कार्य ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग की देखरेख में कराया जाना था। सरपंच द्वारा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद प्रथम किश्त के रूप में 3 लाख 20 हजार रुपये प्रति रोड, कुल 6 लाख 40 हजार रुपये आहरित कर लिए गए।

ग्रामीणों को उम्मीद थी कि राशि निकलते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी काम शुरू नहीं किया गया। जब-जब ग्राम सभा या बैठक आयोजित हुई, ग्रामीणों ने निर्माण कार्य को लेकर सवाल उठाए, लेकिन सरपंच हर बार जवाब देने से बचते नजर आए।

ग्रामीणों का आरोप है कि राशि आहरण के बाद विभागीय अधिकारियों ने भी कोई पहल नहीं की, जिससे सरपंच का मनोबल बढ़ता गया और निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया। गांव के विकास कार्यों में इस तरह की लापरवाही और कथित हेराफेरी से नाराज ग्रामीणों ने एकजुट होकर सरपंच के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

आक्रोशित ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में ज्ञापन सौंपते हुए सरपंच पर अधोसंरचना मद की राशि में गबन का आरोप लगाया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान अनिल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story