सरपंच की संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
कोंडागांव, 30 सितंबर (हि.स.)। जिले के बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहपाल दिगानार के सरपंच मंगल सिंह मरकाम (56) का शव आज बुधवार सुबह गांव के तालाब के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। परिजन उन्हें तत्काल फरसगांव अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर बड़ेडोंगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, बाइक, रॉड-डंडे और अन्य परिस्थितिजन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही सरपंच की मौत के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मृतक सरपंच के पुत्र विक्रम के अनुसार, मंगल सिंह मंगलवार शाम करीब 6 बजे यह कहकर घर से निकले थे कि वह पंचायत कार्यालय जा रहे हैं। देर रात तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हुए। गांव में उनके दो घर होने के कारण परिवार को लगा कि संभवतः वे पुराने घर की ओर रुक गए होंगे। आज सुबह परिजनों को सूचना मिली कि मंगल सिंह गांव के तालाब के पास संदिग्ध अवस्था में पड़े हुए हैं। परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल फरसगांव अस्पताल लेकर गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मंगल सिंह का शव मोहपाल से कारागांव मार्ग पर श्मशान घाट और तालाब के पास मिला ।
घटना के बाद घटनास्थल की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। मृतक के शरीर पर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। वहीं मौके पर खून के निशान और संघर्ष के संकेत मिलने की बात सामने आई है। घटनास्थल से करीब 50 मीटर की दूरी पर मंगल सिंह की बाइक भी मिली। इसके अलावा खेत के किनारे रॉड और डंडे पड़े मिले हैं। इन परिस्थितियों के आधार पर परिजनों ने उनके साथ मारपीट कर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
सरपंच की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि शरीर पर चोट के निशान, घटनास्थल पर खून और संघर्ष के संकेतों की जांच की जानी चाहिए। हालांकि, हत्या हुई है या मौत किसी अन्य परिस्थिति में हुई, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। मौत की वास्तविक वजह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

