अतिक्रमण हटाने पहुंचे सरपंच को मिली जान से मारने की धमकी, थाना में शिकायत

WhatsApp Channel Join Now
अतिक्रमण हटाने पहुंचे सरपंच को मिली जान से मारने की धमकी, थाना में शिकायत


धमतरी, 18 मई (हि.स.)। ग्राम पंचायत ईर्रा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। ग्राम पंचायत के सरपंच सूर्यकांत साहू ने भखारा थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए गांव के एक व्यक्ति और उसके परिजनों पर गाली-गलौज, धमकी देने तथा मोबाइल छीनने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर आज साेमवार को भखारा पुलिस ने आरोपित संतोष साहू को थाना ले गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत ईर्रा में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रस्तावित थी, जिसके लिए पंचायत की ओर से पुलिस सहयोग भी मांगा गया था। इसी बीच 14 मई को पंचायत भवन पहुंचे सरपंच सूर्यकांत साहू के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया। शिकायत में बताया गया कि संतोष साहू ने पंचायत भवन पहुंचकर सरपंच के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में बताया गया कि संतोष साहू ने पंचायत भवन पहुंचकर सरपंच के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

आरोप है कि विवाद के दौरान मोबाइल से वीडियो बनाए जाने पर आरोपित ने मोबाइल छीनने का प्रयास किया तथा सरपंच के पुत्र को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि बाद में आरोपित के परिजन और अन्य लोग भी पंचायत भवन पहुंच गए और बाहर तक अभद्र भाषा का प्रयोग करते रहे। सरपंच ने भखारा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी और आरोपिताें के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामले में उपसरपंच यामिनी सुमन साहू, पंचगण: लक्ष्मी निषाद, लेखराम कामड़े, चितरेखा महार, नीरा बाई, यामिनी साहू, छबिलाल साहू, रमेश साहू, जयंती साहू, खिलेश्वरी साहू, गंगा राम साहू, दामेश्वरी साहू, राधेलाल साहू, संतोषी साहू सहित पंचायत प्रतिनिधियों और पंचगणों ने भी समर्थन जताया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story