कोरबा : सर्वमंगला नगर जोन में लगा ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर, मंत्री लखनलाल देवांगन ने हितग्राहियों को बांटे राशन कार्ड और आवास की चाबियां

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : सर्वमंगला नगर जोन में लगा ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर, मंत्री लखनलाल देवांगन ने हितग्राहियों को बांटे राशन कार्ड और आवास की चाबियां


कोरबा, 14 अक्टूबर (हि. स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिक निगम कोरबा के सर्वमंगला नगर जोन कार्यालय में बुधवार को ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन किया गया। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य और महापौर संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में नागरिकों की समस्याओं का निराकरण किया गया। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया।

नगर निगम कोरबा द्वारा 17 सितंबर से सेवा संकल्प एवं सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत विभिन्न जोन में आयोजित किए जा रहे ‘सरकार आपके द्वार’ शिविरों की अंतिम कड़ी में सर्वमंगला नगर जोन में शिविर लगाया गया। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं और नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली।

शिविर को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक सेवा संकल्प एवं सेवा सेतु अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत आम नागरिकों की समस्याओं का उनके क्षेत्र में ही समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, केंद्र और राज्य सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि, नगर निगम कोरबा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है। शिविरों के माध्यम से लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली है। उन्होंने कहा कि, शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार के साथ छोटे-बड़े विकास कार्य कराए जा रहे हैं। कोरबा के विकास में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव तथा उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन का लगातार सहयोग मिल रहा है।

सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि ‘सरकार आपके द्वार’ अभियान का उद्देश्य नागरिकों को उनके वार्ड और जोन में ही सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है। शिविरों के माध्यम से प्रशासन के 18 विभाग लोगों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं और शिकायतों का समाधान कर रहे हैं।

शिविर के दौरान उद्योग मंत्री और महापौर ने राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत हितग्राहियों को आर्थिक सहायता प्रदान की। पात्र नागरिकों को राशन कार्ड वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास की चाबियां सौंपी गईं। इसके अलावा मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना के तहत सांकेतिक चेक तथा जरूरतमंदों को श्रवण यंत्र और छड़ी प्रदान की गई।

शिविर में नगर निगम, खाद्य विभाग, श्रम विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, राजस्व विभाग, विद्युत विभाग, समाज कल्याण विभाग, परिवहन विभाग, कौशल विकास, क्रेडा, पुलिस विभाग, आदिवासी विकास, लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और आधार पंजीयन सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए।

इस दौरान मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जरूरत के अनुसार लैब जांच और निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य नरेंद्र देवांगन, भानुमति जायसवाल, पार्षद प्रेमकुमार साहू, आरती सिंह, रामाधार पटेल, माधव जायसवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, मंडल अध्यक्ष मनीष मिश्रा, अपर आयुक्त पवन वर्मा, जोन कमिश्नर सुनील टांडेय, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760910 Articles

Share this story