राजपुर में 16 से 19 सितंबर तक होगा सरगुजा ओलंपिक
एथलेटिक्स, कबड्डी, फुटबॉल समेत कई खेलों में प्रतिभागी दिखाएंगे दमखम
बलरामपुर, 12 सितंबर (हि.स.)।बलरामपुर जिले के विकासखंड राजपुर में विद्यार्थियों और युवाओं की खेल प्रतिभा को मंच देने के लिए सरगुजा ओलंपिक 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। आज शनिवार को जारी कार्यक्रम के अनुसार 16 से 19 सितंबर तक अलग-अलग खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं निर्धारित खेल मैदानों में आयोजित होंगी।
प्रतियोगिताओं की शुरुआत 16 सितंबर से होगी। इस दिन कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय ग्राउंड में एथलेटिक्स और कॉलेज ग्राउंड में बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 17 सितंबर को हायर सेकेंडरी स्कूल बालक ग्राउंड में कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल की स्पर्धाएं होंगी, जबकि स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ग्राउंड में बास्केटबॉल प्रतियोगिता आयोजित होगी।
18 और 19 सितंबर को हायर सेकेंडरी स्कूल बालक ग्राउंड में फुटबॉल की अलग-अलग वर्गों की प्रतियोगिताएं होंगी। 19 सितंबर को इसी मैदान में महिला वर्ग की रस्साकशी और कराते प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिता में केवल ऑनलाइन पंजीयन कराने वाले प्रतिभागी ही हिस्सा ले सकेंगे। प्रतिभागियों को विद्यालय से जारी परिचय पत्र और आधार कार्ड साथ लाना होगा। साथ ही निर्धारित समय से कम से कम 20 मिनट पहले आयोजन स्थल पर पहुंचना अनिवार्य रहेगा।
आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को अनुशासन का पालन करना होगा। निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित प्रतिभागी की प्रतियोगिता में भागीदारी निरस्त की जा सकती है।
सरगुजा ओलंपिक का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों तथा युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने, स्थानीय स्तर पर छिपी प्रतिभाओं की पहचान करने और उन्हें आगे जिला व राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंचने का अवसर देना है। आयोजन को लेकर विद्यालयों, महाविद्यालयों, खेल संघों, व्यायाम शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

