सारंगढ़ भाजपा में फिर मचा घमासान, शहर मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश बानी ने दिया इस्तीफा

WhatsApp Channel Join Now
सारंगढ़ भाजपा में फिर मचा घमासान, शहर मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश बानी ने दिया इस्तीफा


कोरबा/सारंगढ़, 5 अक्टूबर (हि. स.)। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला भाजपा में अंदरूनी असंतोष और कार्यकर्ताओं की नाराजगी को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। रविवार 4 अक्टूबर काे प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा के सारंगढ़ प्रवास के दौरान शहर मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश बानी द्वारा भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल को इस्तीफा सौंपे जाने से संगठन में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। बानी ने अपने इस्तीफे में कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और उनके काम नहीं होने का आरोप लगाते हुए संगठन के सभी दायित्वों से मुक्त किए जाने की मांग की है।

बताया जा रहा है कि शहर मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश बानी ने प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया। गणेश विसर्जन के दौरान स्थानीय पुलिसकर्मियों पर गणेश समितियों के युवाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार, धूमाल वाहनों पर कार्रवाई तथा राजापारा गणेश उत्सव समिति के धूमाल वाहन को सरसीवां थाना में जब्त किए जाने जैसे मामलों को लेकर भी कार्यकर्ताओं में नाराजगी की चर्चा रही। इन मामलों में कार्रवाई की मांग किए जाने के बावजूद तत्काल समाधान नहीं होने से कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ने की बात सामने आई। इसी बीच जयप्रकाश बानी ने रविवार शाम काे जिलाध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल को अपना इस्तीफा सौंप दिया।

इस्तीफे में बानी ने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा है कि कार्यकर्ताओं के काम नहीं होने से उन्हें पीड़ा हो रही है। हालांकि, इस्तीफा सौंपे जाने के बाद जिला संगठन की ओर से इसे स्वीकार किए जाने या नहीं किए जाने को लेकर तत्काल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। इस घटनाक्रम ने आगामी नगर पालिका चुनाव से पहले सारंगढ़ भाजपा की संगठनात्मक स्थिति को लेकर चर्चाओं को और तेज कर दिया है।

फिलहाल शहर मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश बानी का इस्तीफा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला भाजपा के भीतर चल रही खींचतान और कार्यकर्ताओं की नाराजगी से जुड़ी चर्चाओं का नया केंद्र बन गया है। अब नजर इस बात पर है कि जिला संगठन इस्तीफे को स्वीकार करता है या वरिष्ठ नेताओं की मध्यस्थता से मामले को सुलझाने का प्रयास किया जाता है। आगामी नगर पालिका चुनाव से पहले संगठन इस घटनाक्रम को किस तरह संभालता है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story