बस्तर में गनतंत्र पर लोकतंत्र की विजय, विकास और विश्वास का नया दौर शुरू : मुख्यमंत्री श्री साय

WhatsApp Channel Join Now
बस्तर में गनतंत्र पर लोकतंत्र की विजय, विकास और विश्वास का नया दौर शुरू : मुख्यमंत्री श्री साय




-मुख्यमंत्री ने संविधान गौरव दिवस पर प्रदर्शनी का किया उद्घाटन

रायपुर , 26 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि हमारा संविधान केवल अधिकारों और कर्तव्यों का दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के आदर्शों पर आधारित सशक्त राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शक है।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नक्सलवाद ने लंबे समय तक बस्तर में लोकतांत्रिक व्यवस्था और विकास को चुनौती दी। नक्सली गणतंत्र के स्थान पर गनतंत्र स्थापित करना चाहते थे, लेकिन बस्तर की जनता ने लोकतंत्र के प्रति अपनी अटूट आस्था बनाए रखी।

मुख्यमंत्री श्री साय आज राजधानी रायपुर के शहीद स्मारक भवन में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित सभी संविधान निर्माताओं के अमूल्य योगदान का स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बाबा साहेब के जीवन, विचारों और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया। साथ ही 'संविधान से सुशासन तक : बाबा साहेब के सपनों का सशक्त छत्तीसगढ़' पुस्तक का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत हमारा संविधान भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर वर्ष 2015 से संविधान दिवस का आयोजन प्रारंभ हुआ, जिससे नागरिकों, विशेषकर युवा पीढ़ी को संविधान के आदर्शों और अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझने का अवसर मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि उसने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार, सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज से आने वाली राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का आसीन होना इसी भावना का सशक्त उदाहरण है। उनका जीवन संघर्ष, परिश्रम और लोकतंत्र में उपलब्ध समान अवसरों की प्रेरणादायी मिसाल है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकार हमारे संविधान की अमूल्य देन हैं। उन्होंने वर्ष 1975 के आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में नागरिक स्वतंत्रता और प्रेस की आजादी पर प्रतिबंध लगाए गए। लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले हजारों लोगों को जेल जाना पड़ा।

मुख्यमंत्री ने अपने पारिवारिक अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके बड़े पिताजी श्री नरहरि साय लोकतंत्र सेनानी थे और आपातकाल के विरोध में उन्हें 19 महीने जेल में रहना पड़ा। इस दौरान परिवार को भी अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को आपातकाल के इतिहास से परिचित कराने के उद्देश्य से 25 जून को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाया जाता है। राज्य सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में पूर्व में बंद की गई सम्मान राशि को पुनः प्रारंभ किया है।

ख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में समानता और नागरिक अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के अधिकांश प्रावधानों को निष्प्रभावी करने और तीन तलाक के विरुद्ध कानून बनाए जाने का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में समिति का गठन किया गया है। उन्होंने जनजातीय समाज की आशंकाओं को दूर करते हुए स्पष्ट किया कि जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों का संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। समान नागरिक संहिता के प्रावधानों से इन परंपराओं को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई हुई है। सुरक्षाबलों के साहस और सुनियोजित रणनीति से बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास के नए अवसर निर्मित हो रहे हैं। अब दूरस्थ क्षेत्रों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि संविधान समय और समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप देश को आगे बढ़ने की दिशा देता है। उन्होंने कहा कि भारतीय न्याय संहिता लागू करना न्याय व्यवस्था में दृष्टिकोण के परिवर्तन का प्रतीक है। सरकार का उद्देश्य ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें प्रत्येक नागरिक के अधिकार सुरक्षित हों और आमजन को सहजता से न्याय मिल सके।

राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि संविधान गौरव दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और स्वाभिमान का अवसर है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन से जुड़े पंचतीर्थों के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे उनके विचारों और योगदान को व्यापक पहचान मिली है।

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी ने कहा कि हमारा संविधान एक जीवंत दस्तावेज है, जो नागरिकों को मौलिक अधिकार प्रदान करने के साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता और संविधान निर्माण में योगदान देने वाले ज्ञात-अज्ञात महानायकों के संघर्ष और बलिदान से नई पीढ़ी को परिचित कराना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, विधायक सुनील सोनी सहित जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783867 Articles

Share this story