सांकरा बनेगा सौर ऊर्जा आधारित गांव, 1.27 करोड़ से विकसित होंगी सामुदायिक सुविधाएं

WhatsApp Channel Join Now
सांकरा बनेगा सौर ऊर्जा आधारित गांव, 1.27 करोड़ से विकसित होंगी सामुदायिक सुविधाएं


धमतरी, 24 नवंबर (हि.स.)। नगरी विकासखंड के ग्राम सांकरा को सौर ऊर्जा आधारित गांव बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इसके तहत सामुदायिक उपयोग के लिए एक करोड़ 27 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस राशि से गांव की विभिन्न सार्वजनिक सुविधाओं को सौर ऊर्जा से संचालित करने की व्यवस्था विकसित की जाएगी।

योजना को लेकर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने ग्राम पंचायत भवन में जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों और ग्रामीणों के साथ बैठक कर विस्तार से चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि ग्राम सांकरा विकास कार्यों में हमेशा सक्रिय और अग्रणी रहा है। डिजिटल टैक्स कलेक्शन के क्षेत्र में भी गांव ने प्रथम स्थान हासिल किया है। स्वीकृत राशि से आंगनबाड़ी केंद्रों, सामुदायिक भवन, स्वास्थ्य केंद्र, विश्राम गृह, बस स्टैंड और पेयजल व्यवस्था जैसी सार्वजनिक सुविधाओं को सौर ऊर्जा उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि, सांकरा को पूर्णतः सौर ऊर्जा आधारित गांव बनाने के लिए ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपने घरों में भी सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की अपील की। बैठक के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से योजना की जानकारी साझा की तथा घरों में सोलर संयंत्र लगवाने में आ रही समस्याओं के बारे में पूछा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का निराकरण करने और योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक भवन और अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का निरीक्षण भी किया तथा भवन को अपने आधिपत्य में लेकर वहां कार्य संचालित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, एसडीएम मनोज मरकाम, जनपद पंचायत नगरी के सीईओ विमल साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story