स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर, एसडब्ल्यूएम नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर, एसडब्ल्यूएम नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश


जांजगीर-चांपा, 23 जून (हि. स.)।जांजगीर-चांपा जिला पंचायत सभाकक्ष में आज मंगलवार को स्वच्छता स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में संचालित स्वच्छता गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एसडब्ल्यूएम) नियम-2026 के प्रभावी और अनिवार्य क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक की अध्यक्षता स्वच्छता स्थायी समिति की सभापति प्रमिला अजय साहू ने की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ जिले के निर्माण के लिए कचरे का स्रोत स्तर पर ही पृथक्करण और वैज्ञानिक तरीके से निपटान सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने घरों से निकलने वाले चार प्रकार के कचरे के पृथक्करण और उसके उचित प्रबंधन को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों की सहभागिता से स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि ग्राम पंचायत स्तर पर एसडब्ल्यूएम नियम-2026 का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए सरपंचों, पंचायत सचिवों, स्वच्छाग्रही दीदियों तथा जनप्रतिनिधियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें कचरा प्रबंधन, स्वच्छता मानकों और नियमों की जानकारी प्रदान की जाएगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

स्वच्छता स्थायी समिति ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्वीकृत सभी स्वच्छता संबंधी कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में विभिन्न स्वच्छता परियोजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा जमीनी स्तर पर बेहतर निगरानी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।

बैठक के दौरान स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संचालित गतिविधियों, कचरा प्रबंधन प्रणाली, ग्रामीण स्वच्छता कार्यक्रमों तथा जनजागरूकता अभियानों की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने जिले में चल रहे स्वच्छता कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की और भविष्य की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया।

इस अवसर पर समिति सदस्य प्रियंका पुष्पेंद्र सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले को स्वच्छ, स्वस्थ और कचरा मुक्त बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों पर बल दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story