विधायक संगीता सिन्हा बनी महिला कांग्रेस की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष
रायपुर 05 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए बालाेद जिला के सांजारी विधायक संगीता सिन्हा को महिला कांग्रेस का नया कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लंबा ने साेमवार की देर रात नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है।
जारी लेटर में बताया गया है कि यह व्यवस्था नए अध्यक्ष की अंतिम घोषणा होने तक लागू रहेगी। छत्तीसगढ़ में महिला प्रदेश अध्यक्ष को लेकर पिछले कुछ समय से चर्चा तेज थी। प्रदेश में संगीता सिन्हा और छन्नी साहू के नाम पर मंथन भी हो रहा था, लेकिन आखिर में आलाकमान ने संगीता का नाम पर मुहर लगा दी है।
उल्लेखनीय है कि राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम के इस्तीफे के बाद से ही प्रदेश में यह स्थान रिक्त चल रहा था। अब उनके पद छोड़ने के बाद महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पद खाली था, जाे अब जाकर छत्तीसगढ़ में महिला कांग्रेस काे नया नेतृत्व मिला है।
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

