अम्बिकापुर में खनिज विभाग की टीम पर रेत माफिया का हमला, जब्त हाइवा छुड़ाकर फरार

WhatsApp Channel Join Now
अम्बिकापुर में खनिज विभाग की टीम पर रेत माफिया का हमला, जब्त हाइवा छुड़ाकर फरार


अम्बिकापुर में खनिज विभाग की टीम पर रेत माफिया का हमला, जब्त हाइवा छुड़ाकर फरार


अम्बिकापुर में खनिज विभाग की टीम पर रेत माफिया का हमला, जब्त हाइवा छुड़ाकर फरार


अम्बिकापुर में खनिज विभाग की टीम पर रेत माफिया का हमला, जब्त हाइवा छुड़ाकर फरार


अम्बिकापुर, 23 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर में रेत माफिया का आतंक और दुस्साहस थमने का नाम नहीं ले रहा है, जहां राजधानी रायपुर से पहुंची खनिज विभाग की केंद्रीय टीम पर सरेराह हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक संचालक रजत बंसल (आईएएस) के निर्देशानुसार केंद्रीय खनि उड़नदस्ता की संयुक्त टीम और जिला स्तरीय टीम द्वारा अवैध उत्खनन की प्राप्त शिकायतों के संबंध में 22 जून को औचक निरीक्षण किया गया था। जांच टीम ने जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के देवखोल (तहसील पटना) और जिला सूरजपुर के ग्राम केरता (तहसील प्रतापपुर) स्थित महान नदी क्षेत्र का औचक भ्रमण किया। इस दौरान टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खान और खनिज अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत अवैध परिवहन में संलग्न कई वाहनों को जब्त किया, जिसमें मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के ग्राम बरबसपुर से निम्न श्रेणी चूना पत्थर से भरे 02 हाइवा, सूरजपुर के ग्राम लटोरी से 01 साधारण रेत से भरा हाइवा, ग्राम खड़गवां से 01 टिप्पर, सरगुजा के ग्राम सकालो से 01 टिप्पर और अम्बिकापुर से 02 साधारण रेत से भरे टिप्पर शामिल थे। इन सभी गाड़ियों को जब्त कर सुरक्षार्थ नजदीकी थानों की सुपुर्दगी में खड़ा कराया गया था।

इसी कार्रवाई के दौरान जब जांच दल अम्बिकापुर शहर के व्यस्ततम गांधी चौक के पास एक 6 पहिया टिप्पर वाहन लेकर पहुंचा, तो वहां रेत माफियाओं ने कानून को ताक पर रखकर खनिज विभाग की टीम को घेर लिया। जब्त टिप्पर के मालिक लड्डन ख़ान, वाहन चालक सोनू टोप्पो, खलासी और उनके अन्य साथियों ने सरकारी टीम के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। माफियाओं ने मौके पर तैनात खनिज विभाग के साथ आरक्षक (नगर सैनिक) के साथ बेरहमी से मारपीट की और सरकारी हिरासत से अवैध रेत से लदे वाहन को जबरन छुड़ाकर फरार हो गए।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद देर रात लगभग 10 बजे थाना गांधीनगर, जिला अम्बिकापुर में मुख्य आरोपित लड्डन ख़ान सहित तीन नामजद और अन्य आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गंभीर धाराओं 191(2), 221, 121(1), 132, 296, 351(3) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। स्थानीय स्तर पर इन रसूखदार रेत माफियाओं को बड़े राजनीतिक संरक्षण मिलने के भी गंभीर आरोप लग रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर फरार आरोपितों की धरपकड़ और लूटे गए वाहन की तलाश में सरगर्मी से जुट गई है।

इस संबंध में सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने आज मंगलवार काे घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जब्त ट्रक को ले जाते समय रास्ते में वाहन मालिक ने उसे रुकवाया और बलपूर्वक ट्रक छुड़ाकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है तथा शीघ्र गिरफ्तारी का दावा किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story