पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को दी साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को दी साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी


रायपुर, 7 अगस्त (हि.स.)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की जनजागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को नयापारा स्थित नगर निगम सरस्वती स्कूल में 'संवाद से समाधान' कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षा, कानून और अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का संचालन परिवीक्षाधीन उप पुलिस अधीक्षक एवं थाना गोलबाजार प्रभारी अमित कोसमा के निर्देशन में किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से सीधे संवाद कर महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, बाल सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, नशे के दुष्प्रभाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और यातायात नियमों की जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि, साइबर ठग फोन कॉल, फर्जी लिंक और क्यूआर कोड के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। उन्होंने सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम पिन, यूपीआई पिन या पासवर्ड साझा न करें। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 1091और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में भी विद्यार्थियों को बताया गया। साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल भाषा में जवाब दिया। इस जागरूकता कार्यक्रम में 98 विद्यार्थी और 6 शिक्षक शामिल हुए। विद्यालय प्रबंधन ने रायपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा जताई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story