सामरी विधानसभा की ईएलसी प्रतियोगिता में वर्षा गहरवार और प्रिया पैकरा ने हासिल किया प्रथम स्थान
बलरामपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के सामरी विधानसभा क्षेत्र में भारत निर्वाचन आयोग के निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के अंतर्गत निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। अरुण प्रताप सिंहदेव शासकीय महाविद्यालय शंकरगढ़ में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों और विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। क्विज प्रतियोगिता में 31 और निबंध प्रतियोगिता में 26 विद्यार्थी शामिल हुए।
क्विज प्रतियोगिता में अरुण प्रताप सिंहदेव शासकीय महाविद्यालय शंकरगढ़ की वर्षा गहरवार ने 15 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। शासकीय महाविद्यालय राजपुर की पूर्णिमा दास 14 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं 13-13 अंकों के साथ सरस्वती शिशु मंदिर डीपाडीहकला के चित्रसेन सिंह पैकरा, पहाड़ी कोरवा कन्या शिक्षा परिसर राजपुर की सुमन्ती हस्दा और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कमारी की प्रमिला मिंज संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं।
निबंध प्रतियोगिता में बालक मिडिल आश्रम पूर्व माध्यमिक शाला बचवार की प्रिया पैकरा ने 13 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। शासकीय महाविद्यालय कुसमी की अनुराधा प्रजापति 12 अंकों के साथ दूसरे और शासकीय महाविद्यालय राजपुर की ज्योति नगेशिया 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता का संचालन परीक्षा प्रभारी सहायक प्राध्यापक अनुभा मिंज के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

