सिवनीकला के साहू दंपति ने दिया मानवता का संदेश, देहदान की घोषणा की

WhatsApp Channel Join Now
सिवनीकला के साहू दंपति ने दिया मानवता का संदेश, देहदान की घोषणा की


धमतरी, 21 फ़रवरी (हि.स.)। कुरुद ब्लाक अंतर्गत ग्राम सिवनीकला के साहू दंपति ने मानवता और समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए स्व प्रेरणा से देहदान करने का निर्णय लिया है। 21 फरवरी को सरस्वती शिशु मंदिर रुद्री के सेवानिवृत प्राचार्य यादराम साहू और इनकी पत्नी शिक्षक दिनेश्वरी साहू ने जिला अस्पताल पहुंचकर देहदान करने की घोषणा की। सोमवार को विधिवत फार्म जमा कर प्रक्रिया पूरी करेंगे।

65 वर्षीय सेवानिवृत प्राचार्य यादराम साहू ने बताया कि ग्राम सिवनीकला के निवासी है। रायपुर, केशकाल, कांकेर और रुद्री धमतरी के सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में अपनी सेवाएं दी है। जीवन भर शिक्षा के क्षेत्र में काम किया है, मरने के बाद शरीर को जला देंगे। मरने के बाद भी शरीर का शिक्षा के क्षेत्र में कुछ काम आ जाए। तब मन में विचार आया कि देहदान किया जाए। इससे किसी जरूरतमंद को आंख, किडनी आदि शरीर के अंग काम आ जाए। इसके साथ ही चिकित्सा महाविद्यालय के छात्र अपने अनुसंधान में काम आएगा। पांच-छह महीने पूर्व अपनी पत्नी से इसके संबंध में चर्चा किए। उन्होंने इस कार्य के लिए सहमति जताई। इसके बाद अपनी दो बेटियों और बेटा-बहु से देहदान करने को लेकर चर्चा किए तो सभी ने इस कार्य पर खुशी से सहमति जताई। शनिवार होने की वजह से फार्म जमा नहीं हो पाया है। सोमवार को प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इनकी पत्नी दिनेश्वरी साहू शिक्षक के पद पर सरस्वती शिशु मंदिर रुद्री में कार्यरत हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story