रायगढ़ के सहस्रबाहु चौक में स्थापित हुई राज राजेश्वर भगवान सहस्रबाहु की भव्य प्रतिमा

WhatsApp Channel Join Now
रायगढ़ के सहस्रबाहु चौक में स्थापित हुई राज राजेश्वर भगवान सहस्रबाहु की भव्य प्रतिमा


रायगढ़, 14 अगस्त (हि.स.)। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं वित्त मंत्री ओपी. चौधरी ने रायगढ़ के पंजरी प्लांट स्थित सहस्रबाहु चौक में श्री राजराजेश्वर भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा का अनावरण किया

इस अवसर पर दोनों मंत्रियों ने समाजजनों को शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एकता, विकास और नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में दोनों मंत्रियों का लड्डुओं से तौलकर एवं पुष्प माला से भव्य स्वागत किया गया।

बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में कलार समाज द्वारा आयोजित प्रतिमा अनावरण एवं सामाजिक सम्मेलन में समाज की ऐतिहासिक विरासत, शिक्षा को बढ़ावा देने, प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और युवाओं के उत्थान जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सम्मेलन में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि रायगढ़ के महत्वपूर्ण चौक पर भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा स्थापित होना समाज के सम्मान को बढ़ाने वाला कदम है। यह केवल रायगढ़ के कलार समाज के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के समाजजनों के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं कलार समाज से आते हैं और समाज के लोगों की भावनाओं को समझते हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती को सजाने-संवारने और बसाने में कलचुरी वंश के पूर्वजों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। छत्तीसगढ़ के वर्तमान स्वरूप में शिक्षा, संस्कृति और विकास की जो आधारशिला दिखाई देती है, उसमें हमारे पूर्वजों का बड़ा योगदान रहा है। कलचुरी समाज का इतिहास केवल किसी एक व्यवसाय तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध समाज रहा है। कलचुरी साम्राज्य का प्रभाव छत्तीसगढ़ के साथ मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा सहित विभिन्न क्षेत्रों तक रहा है। समाज के लोगों को अपने इतिहास को जानने और आने वाली पीढ़ी को इस गौरवशाली विरासत से परिचित कराने की जरूरत है।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति उसकी आने वाली पीढ़ी की प्रगति से होती है। इसलिए बच्चों की शिक्षा, प्रतिभा और व्यक्तित्व निर्माण पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। प्रतिभा किसी एक समाज की संपत्ति नहीं होती। जिस समाज के बच्चों को अवसर मिलेगा, वह समाज आगे बढ़ेगा और जब सभी समाज आगे बढ़ेंगे, तभी छत्तीसगढ़ और देश का समग्र विकास होगा। उन्होंने युवाओं से केवल नौकरी तक सीमित नहीं रहने, बल्कि कृषि, व्यवसाय, कला, संगीत, मीडिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने का आह्वान किया।

वित्त मंत्री ने अपने जीवन के संघर्षों का उल्लेख करते हुए समाज के अभिभावकों से बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की। वित्त मंत्री ने बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों को ऐसा मजबूत बनाया जाना चाहिए कि वे जीवन के किसी भी क्षेत्र में सम्मान के साथ आगे बढ़ सकें। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्वेच्छानुदान से 25-25 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा का लोकार्पण गौरव का अवसर है। प्रदेश सरकार सभी समाजों को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। कलार समाज की ओर से प्रदेशाध्यक्ष विजय जायसवाल ने कहा कि रायगढ़ की पावन धरती पर भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा का अनावरण समाज के लिए अत्यंत खुशी और गौरव का क्षण है। उन्होंने दोनों मंत्रियों सहित सभी अतिथियों और समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Share this story