सक्षम योजना से सफीना ने बदली जिंदगी की राह, मुर्गी-खरगोश पालन से बनीं आत्मनिर्भर
धमतरी, 22 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत मगरलोड विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र में रहने वाली सफीना बानो ने विपरीत परिस्थितियों के बीच स्वरोजगार की राह अपनाकर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है। सक्षम याेजना से सफीना ने अपनी जिंदगी की राह बदल दी है। मुर्गी खरगोश पालन से आत्मनिर्भर बन गई है।
पति द्वारा परित्यक्त किए जाने के बाद बुजुर्ग मां की देखभाल, बच्ची की परवरिश और परिवार के खर्च की जिम्मेदारी उनके सामने थी। स्थायी रोजगार और पैतृक संपत्ति नहीं होने से आर्थिक परेशानियां भी बनी हुई थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात सेक्टर पर्यवेक्षक झामिन बिन्झेकर से हुई। उन्होंने सफीना को सक्षम योजना की जानकारी दी और स्वरोजगार के लिए मार्गदर्शन किया। सफीना की इच्छा को देखते हुए झामिन बिन्झेकर ने उनके घर पहुंचकर व्यवसाय के लिए दो लाख रुपये के ऋण का आवेदन भरवाया। दिसंबर 2025 में ऋण स्वीकृत होने के बाद सफीना ने मुर्गी और खरगोश पालन का व्यवसाय शुरू किया।
मेहनत और लगन से कारोबार आगे बढ़ा और आज उनके फार्म में सैकड़ों मुर्गियां हैं तथा खरगोश पालन से भी आय प्राप्त हो रही है। इसके बाद उन्होंने ईंट-भट्ठा निर्माण का काम भी शुरू किया। इससे उनकी आर्थिक स्थिति और मजबूत हुई। अब वे अपनी मां की दवाइयों एवं देखभाल, घर के खर्च और बच्ची की पढ़ाई बेहतर ढंग से पूरी कर पा रही हैं। सफीना कहती हैं, ‘दीदी, पहले लोग मुझे बेचारी कहते थे, आज वही लोग मुझसे काम मांगने आते हैं।’ उनका कहना है कि योजना से मिली आर्थिक मदद के साथ मार्गदर्शन ने उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने का आत्मविश्वास दिया। सफीना की कहानी बताती है कि अवसर, मेहनत और सही मार्गदर्शन के साथ कठिन परिस्थितियों को बदला जा सकता है। आज वे स्वयं के परिवार को संभालने के साथ दूसरों के लिए भी रोजगार का माध्यम बन रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

