सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 16 नवंबर से चलेगा ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान, सभी खाद्य प्रतिष्ठानों का होगा निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now

जांजगीर चांपा/सारंगढ़-बिलाईगढ़, 15 नवंबर (हि स.)। जिले में आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 16 से 30 नवंबर 2026 तक 15 दिवसीय विशेष अभियान ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ चलाया जाएगा। इस दौरान जिले के होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, कैंटीन, कैटरिंग सेवाओं, स्ट्रीट फूड वेंडर्स और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का शत-प्रतिशत निरीक्षण किया जाएगा।

राज्य शासन के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत सारंगढ़ और बिलाईगढ़ विकासखंड के सभी खाद्य प्रतिष्ठानों की सूची तैयार कर निर्धारित समय-सीमा में निरीक्षण किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान होटल और रेस्टोरेंट के परिसर, रसोईघर, खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं परोसने की जगह, बर्तन, उपकरण, भंडारण व्यवस्था और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता की जांच की जाएगी। इसके अलावा कच्चे और पके खाद्य पदार्थों को अलग रखने, सुरक्षित तापमान पर भंडारण, स्वच्छ पेयजल, कचरा निपटान, नालियों की सफाई और कीट नियंत्रण व्यवस्था का भी परीक्षण होगा। कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण से संबंधित अभिलेखों की भी जांच की जाएगी।

अभियान के दौरान मिठाइयों, ग्रेवी, बिरयानी, करी, चटनी, पेय पदार्थों, चाट, मंचूरियन और फास्ट फूड सहित अन्य खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल किए जा रहे रंगों की विशेष जांच होगी। जिन खाद्य पदार्थों में रंगों के उपयोग की अनुमति नहीं है, उनमें रंग पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गैर-खाद्य, औद्योगिक और प्रतिबंधित रंग मिलने पर संबंधित खाद्य पदार्थों एवं रंगों को जब्त कर नष्ट किया जाएगा।

खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत प्रत्येक खाद्य कारोबारकर्ता के लिए वैध लाइसेंस अथवा पंजीयन अनिवार्य है। निरीक्षण के दौरान इसकी भी जांच की जाएगी। बिना लाइसेंस या पंजीयन के होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, ठेला, गुमटी और मिठाई दुकान संचालित करते पाए जाने पर संचालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई होगी।

गंभीर स्वच्छता संबंधी कमियां या खाद्य सुरक्षा के लिए जोखिमपूर्ण स्थिति मिलने पर सुधार सूचना जारी करने, खाद्य नमूने लेने और लाइसेंस या पंजीयन निलंबित करने जैसी कार्रवाई की जा सकती है। गंभीर मामलों में कमियों का निराकरण होने तक प्रतिष्ठान का संचालन बंद भी कराया जा सकता है।

अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों को सुरक्षित खाद्य निर्माण, स्वच्छता और हाइजीन मानकों के प्रति जागरूक किया जाएगा। खाद्य पदार्थों की पैकिंग और परोसने में अखबारी कागज का उपयोग नहीं करने तथा खाद्य सामग्री को सुरक्षित तरीके से रखने के निर्देश भी दिए जाएंगे।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के सभी खाद्य कारोबारियों से अभियान में सहयोग करने और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777441 Articles

Share this story