मानव वन मोड़ पर रास्ता रोककर लूटमार करने वाले पकड़ाए

WhatsApp Channel Join Now
मानव वन मोड़ पर रास्ता रोककर लूटमार करने वाले पकड़ाए


हथियार दिखाकर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपित गिरफ्तार

धमतरी, 12 सितंबर (हि.स.)। हथियार दिखाकर राहगीर से लूटपाट करने वाले गिरोह का रुद्री पुलिस ने शनिवार काे राजफाश किया है। पुलिस ने मामले में शामिल दो बालिग आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को संरक्षण में लिया गया है। आरोपितों के कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल और स्कूटी जब्त की गई है।

जिले में आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार ग्राम खिरकीटोला निवासी ढालसिंग नेताम (27) ने थाना रुद्री में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सात सितंबर की शाम लगभग 6:45 बजे मानव वन के आगे तालाब मोड़ के पास दो मोटरसाइकिलों में सवार अज्ञात लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपितों ने धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसकी जेब में रखे छह हजार रुपये नकद तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत लगभग 16 हजार रुपये बताई गई। रिपोर्ट पर रुद्री पुलिस ने बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का विश्लेषण करते जांच की। संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपितों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी (तहसीलदार) के समक्ष विधिवत शिनाख्तगी की कार्रवाई कराई गई।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटी गई रकम, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल और स्कूटी गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त किए। घटना में हथियार के इस्तेमाल और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तार बालिग आरोपितों में निशांत उर्फ दीपू ध्रुव (23), निवासी दानीटोला साहूपारा, थाना सिटी कोतवाली, धमतरी तथा भरत यादव (22), निवासी दानीटोला महिमासागर वार्ड, थाना सिटी कोतवाली, धमतरी शामिल हैं।

मामले में संलिप्त दो विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार संरक्षण में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों बालिग आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि जिले में लूट, डकैती, हथियारबाजी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story